Dubai में Mumbai से आधे दाम पर घर, Danube Properties ने बताया निवेश के लिए मुफीद

Dubai में Mumbai से आधे दाम पर घर, Danube Properties ने बताया निवेश के लिए मुफीद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

रियल एस्टेट फर्म डेन्यूब समूह के चेयरमैन रिजवान साजन के मुताबिक दुबई में संपत्तियों की कीमतें मुंबई की तुलना में आधी से भी कम हैं। कंपनी का कहना है कि दुबई में 6.5 प्रतिशत का वार्षिक किराया प्रतिफल मिलता है, जबकि मुंबई में यह 3.9 प्रतिशत है। भारतीय खरीदारों की इसमें खासी रुचि है और उनकी परियोजनाओं में करीब 30 प्रतिशत निवेशक भारत से हैं।

(हिमांशु वत्स) नयी दिल्ली/दुबई, 20 नवंबर दुबई में रियल एस्टेट की कीमतें मुंबई, दिल्ली और दुनिया के कई अन्य शहरों के मुकाबले कम हैं। खाड़ी का यह शहर अगले तीन से पांच साल में संपत्तियों की कीमतों में वृद्धि की अच्छी संभावनाएं पेश करता है। रियल एस्टेट कंपनी डेन्यूब प्रॉपर्टीज ने यह बात कही है।

डेन्यूब समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन रिजवान साजन ने पिछले सप्ताह दुबई में एक आवासीय परियोजना की शुरुआत के मौके पर पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि वहां संपत्तियों की कीमतें मुंबई के मुकाबले आधे से भी कम हैं। उन्होंने कहा, दुबई में अभी विकास की काफी संभावनाएं हैं। यहां संपत्तियों की कीमतें अब भी उचित हैं और अच्छी जगहों पर करीब 1,000 डॉलर प्रति वर्ग फुट (लगभग 90,000 रुपये प्रति वर्ग फुट) में संपत्ति मिल जाती है।

वहीं, मुंबई के बांद्रा में संपत्ति खरीदने पर करीब दो लाख रुपये प्रति वर्ग फुट खर्च करने पड़ सकते हैं। दुबई में संपत्तियां अब भी बहुत किफायती हैं। कंपनी ने भारत, अमेरिका और यूरोप के 14 शहरों के महंगे इलाकों में संपत्तियों की कीमतों की तुलना करते हुए एक अध्ययन भी किया है।

साजन ने इस अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि दुबई में संपत्ति में निवेश पर सालाना किराया प्रतिफल 6.5 प्रतिशत है, जबकि मुंबई में यह 3.9 प्रतिशत है। दुबई के रियल एस्टेट बाजार की संभावनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि अगले चार-पांच साल में संपत्तियों की कीमतें दोगुनी होने की उम्मीद है। कंपनी ने बताया कि उसकी परियोजनाओं में करीब 30 प्रतिशत खरीदार भारत से आते हैं।

साजन ने कहा, भारतीय खरीदारों की रुचि पहले भी अच्छी थी और अब भी बनी हुई है। भारतीयों को दुबई में संपत्ति खरीदना पसंद है। यहां आयकर नहीं है और स्वास्थ्य तथा शिक्षा की सुविधाएं भी अच्छी हैं।

क्षेत्र में मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति का दुबई के संपत्ति बाजार पर पड़ने वाले असर के बारे में उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोग वापस दुबई आ रहे हैं और निकट भविष्य में संपत्तियों की कीमतों में काफी वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा, शुरुआत में इस बात को लेकर थोड़ी चिंता थी कि निवेश करना चाहिए या नहीं। लेकिन अब स्थिति सामान्य है और लोगों का भरोसा पूरी तरह लौट आया है।

लोग यह जानते हुए दुबई आ रहे हैं कि यह सुरक्षित जगह है। साजन ने कहा कि कोविड महामारी के बाद की तरह दुबई का संपत्ति बाजार फिर तेजी से उबरेगा। हालांकि, इस बार इसमें और बड़े स्तर पर तेजी देखने को मिल सकती है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक आदिल साजन ने कहा कि क्षेत्र में मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद दुबई की आबादी इस साल अक्टूबर तक पिछले साल की तुलना में दो लाख बढ़ गई है। डेन्यूब प्रॉपर्टीज ने 11 नवंबर को दुबई में अपनी आवासीय परियोजना के फ्लैट की बुकिंग शुरू की थी। इस परियोजना का नाम बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाम पर रखा गया है।

‘शाहरुख्ज रेजिडेंसिस बाय डेन्यूब’ नाम की इस परियोजना में अभिनेता की पत्नी और जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान के डिजाइन किए गए पेंटहाउस भी शामिल हैं। पूरी तरह सुसज्जित इस परियोजना में समुद्र के किनारे बने फ्लैट की कीमत 16.5 लाख दिरहम (करीब 4.2 करोड़ रुपये) से शुरू होती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़