छुट्टियों की Travel Booking पर Cyber Attack का साया, रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Travel Booking
Unsplash

छुट्टियों के दौरान यात्रा बुकिंग की बढ़ती मांग के कारण भारत का ट्रैवल सेक्टर साइबर अपराधियों के निशाने पर है, जहाँ वैश्विक औसत की तुलना में कहीं अधिक साइबर हमले हो रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, अपराधी फर्जी वेबसाइट और भ्रामक विज्ञापनों का इस्तेमाल कर यात्रियों को निशाना बना रहे हैं, जिससे ऑनलाइन धोखाधड़ी का खतरा बढ़ गया है।

 छुट्टियों के दौरान यात्रा बुकिंग की मांग बढ़ने का फायदा उठाने के लिए साइबर अपराधी भारत के यात्रा और आतिथ्य क्षेत्र को बड़े पैमाने पर निशाना बना रहे हैं। इन संस्थानों कोवैश्विक औसत की तुलना में काफी अधिक संख्या में साइबर हमलों का सामना करना पड़ रह हैं। एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। साइबर सुरक्षा कंपनी ‘चेक पॉइंट रिसर्च’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले छह महीनों के दौरान भारत में संगठनों को प्रति सप्ताह औसतन 3,296 साइबर हमलों का सामना करना पड़ा, जबकि वैश्विक औसत 2,085 हमले प्रति सप्ताह रहा।

मई 2026 में आतिथ्य, यात्रा और मनोरंजन क्षेत्र के प्रत्येक संस्थान पर औसतन 2,291 साप्ताहिक साइबर हमले दर्ज किए गए, जो एक वर्ष पहले की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक हैं। इसके विपरीत, सभी क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर साइबर हमलों में वार्षिक वृद्धि मात्र दो प्रतिशत रही। ‘चेक पॉइंट रिसर्च’ ने कहा, ‘‘भारत में खतरा और अधिक गंभीर है, क्योंकि पिछले एक महीने में पाई गई 86 प्रतिशत खतरनाक फाइल डिजिटल माध्यमों से भेजी गईं।

इससे स्पष्ट होता है कि फर्जी यात्रा वेबसाइट, नकली बुकिंग मंच और भ्रामक ऑनलाइन विज्ञापन यात्रियों को ठगने के लिए साइबर अपराधियों के सबसे प्रभावी हथियार बन चुके हैं।’’ रिपोर्ट के अनुसार, मई, 2026 में यात्रा से जुड़े 47,318 नए डोमेन (इंटरनेट पते) पंजीकृत किए गए, जो अप्रैल की तुलना में 33 प्रतिशत और मई, 2025 की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक हैं। इनमें से प्रत्येक 112 में से एक डोमेन पहले ही संदिग्ध श्रेणी में चिह्नित किया जा चुका है। इनमें से कई ऐसे पते हैं जिन्हें यात्रा संबंधी इंटरनेट गतिविधियों के चरम समय में दुरुपयोग के लिए सक्रिय किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़