Orient Cables के Share की बाजार में मजबूत शुरुआत, 65 प्रतिशत प्रीमियम पर Listing

Orient Cables के Share की बाजार में मजबूत शुरुआत, 65 प्रतिशत प्रीमियम पर Listing
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओरिएंट केबल्स (इंडिया) लिमिटेड का शेयर 272 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले बीएसई पर 448.10 रुपये पर खुला। एनएसई पर कंपनी के शेयर ने 65.44 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 450 रुपये पर शुरुआत की। मजबूत शुरुआत के साथ कंपनी का कुल बाजार पूंजीकरण 4,589.54 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर ओरिएंट केबल्स (इंडिया) लिमिटेड का शेयर अपने 272 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 65 प्रतिशत की बढ़त के साथ सोमवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर कंपनी के शेयर ने 448.10 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो निर्गम मूल्य से 64.74 प्रतिशत अधिक है। एनएसई पर यह निर्गम मूल्य से 65.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 450 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4,589.54 करोड़ रुपये रहा। ओरिएंट केबल्स इंडिया के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के अंतिम दिन 92.27 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 552 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 258-272 रुपये प्रति शेयर था।

नए शेयर से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मशीनरी, उपकरण और पूंजीगत व्यय के अलावा कुछ कर्ज के पुनर्भुगतान या आंशिक पूर्व भुगतान के लिए किया जाएगा। आईपीओ से जुटाई गई राशि के एक हिस्से का इस्तेमाल सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए भी किया जाएगा। ओरिएंट केबल्स नेटवर्किंग केबल और निष्क्रिय नेटवर्किंग उपकरणों में विशेषज्ञता रखती है।

यह ब्रॉडबैंड, दूरसंचार, डेटा सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा और स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन समेत विभिन्न क्षेत्रों को सेवाएं देती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़