शेयर बाजार में बिकवाली से Rupee फिसला, US Dollar के मुकाबले 23 पैसे कमजोर

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान रुपया 23 पैसे टूटकर 92.85 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कमजोर घरेलू शेयर बाजार और मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण स्थानीय मुद्रा पर दबाव देखा गया। हालांकि कच्चे तेल के दामों में नरमी से शुरुआत में रुपये को हल्का सहारा जरूर मिला था।
घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली के रुख के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूटकर 92.85 पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से शुरुआत में स्थानीय मुद्रा को सहारा मिला, लेकिन मजबूत अमेरिकी डॉलर के चलते यह जल्द ही दबाव में आ गई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.47 पर खुला और 92.43 तक मजबूत होने के बाद पिछले बंद भाव के मुकाबले 23 पैसे की गिरावट के साथ 92.85 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
रुपये ने शुक्रवार को लगातार पांचवें सत्र में बढ़त जारी रखी थी और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 70 पैसे मजबूत होकर 92.62 पर बंद हुआ था। रुपया 10 अप्रैल के बाद पहली बार 93 के स्तर से ऊपर पहुंचा था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत गिरकर 103.71 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.38 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 10,308.42 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
अन्य न्यूज़













