संसद सत्र की तारीखों में देरी पर Congress का हमला, Jairam Ramesh बोले- सरकार बना रही खतरनाक योजना

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की तारीख तय न होने पर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार या तो असमंजस में है या फिर परिसीमन को लेकर कोई बेहद खतरनाक योजना बना रही है। रमेश ने यह भी याद दिलाया कि 13 अगस्त को स्थगित हुए मानसून सत्र का अब तक औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है।
कांग्रेस ने संसद के आगामी सत्र की तारीखों की घोषणा में विलंब और परिसीमन के मुद्दे पर सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी या तो असमंजस में है या फिर कोई ‘‘बेहद खतरनाक’’ योजना बना रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब शुरू होगा। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी आखिर क्या खेल खेल रही है, बशर्ते कि यह जोड़ी अब भी साथ है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब होगा, बशर्ते कि शीतकालीन सत्र आयोजित किया जाएगा।’’ रमेश ने कहा, ‘‘अब तक देश को यह भी पता चल जाना चाहिए था कि संसद का मानसून सत्र दोबारा कब बुलाया जाएगा जिसका अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है, बशर्ते इसे दोबारा बुलाया जाए।’’ संसद के मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को दोनों सदनों की बैठकें अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थीं, लेकिन सत्र का अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है।
रमेश ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के कथित प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि परिसीमन को लेकर ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का क्या फार्मूला है, अगर उनका कोई फार्मूला है तो।’’ रमेश ने कहा, ‘‘लगातार बने इस रहस्य से दो बातें साफ होती हैं। पहली यह कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी असमंजस में है और अपने ही झूठे दावों तथा आक्रामक बयानबाजी के जाल में फंस गई है। दूसरी यह कि वास्तव में कोई बेहद खतरनाक योजना बनाई जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि दोनों ही स्थितियों में ‘जीटीए’ (ज्ञानेश थेफ्ट अरेंजर्स यानी ज्ञानेश चोरी के इंतजाम करने वाले) के दो सितारे पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं।
रमेश ने आरोप लगाया कि संसद की संस्था पहले ही काफी कमजोर हो चुकी है तथा इस जोड़ी के कदम उसे और कमजोर कर रहे हैं।
अन्य न्यूज़













