36 साल की उम्र में Bhuvneshwar Kumar की Team India में वापसी पर बोले Suresh Raina

suresh raina
ANI

पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना का मानना है कि भारतीय बल्लेबाजों की अलग खेल शैली ने क्रिकेट को अधिक रचनात्मक बना दिया है। उन्होंने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी को उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का फल बताया। इसके अलावा, रैना ने देश में मौजूद प्रतिभा की भरमार को भारतीय क्रिकेट टीम की निरंतर सफलता का मुख्य आधार करार दिया।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि देश के शीर्ष बल्लेबाजों की अलग-अलग खेल शैली ने क्रिकेट को अधिक रचनात्मक बना दिया है तो वही अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की राष्ट्रीय टीम में वापसी को उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का परिणाम करार दिया। ‘इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग’ के शुभारंभ के मौके पर रैना ने पत्रकारों से कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट में अब कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो बेखौफ होकर अपनी अलग शैली में खेल रहे हैं और दबाव की परिस्थितियों में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।’’ 

इस लीग के ब्रांड दूत बने रैना ने कहा, ‘‘क्रिकेट अब काफी प्रयोग करने वाला और रचनात्मक खेल बन गया है। अभिषेक शर्मा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि शुभमन गिल का अंदाज अलग है। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी 50 ओवर के प्रारूप में अपनी-अपनी शैली से खेल रहे हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज हमारे पास बड़ी संख्या में कोच हैं।’’ रैना ने भारतीय टीम में वापसी करने पर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत आखिरकार रंग लाई है। रैना ने कहा, ‘‘36 साल की उम्र में भी भुवनेश्वर ने अपने दमखम और जुझारूपन का परिचय दिया है।

 वह बेहद अनुशासित गेंदबाज हैं और खेल की प्रक्रिया तथा उसकी बारीकियों पर विशेष ध्यान देते हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए भी काफी मेहनत की है। मुझे उम्मीद है कि न्यूजीलैंड दौरे पर वह शानदार प्रदर्शन करेंगे। मेरी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं हैं।”

 भारतीय टीम के विभिन्न प्रारूपों में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर रैना ने देश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरपूर उपलब्धता को टीम की सफलता का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा, “यह सिलसिला लगातार जारी है। आज हमारे पास लगभग चार-पांच टीमें तैयार करने लायक प्रतिभा है। हम जापान गए और वहां स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस में ओलंपिक खेलों का आयोजन होगा। वहां के लिए भी एक अच्छी टीम तैयार की जाएगी। क्रिकेट हो या हॉकी, सभी पुरस्कार विजेताओं को मेरी ओर से बधाई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़