Shubman Gill की ICC से अपील, गेंद पर Saliva Ban हटाने पर फिर करे विचार

Shubman Gill
ANI

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने आईसीसी से गेंद चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध पर पुनर्विचार का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कोविड काल बीत चुका है और कूकाबुरा गेंद बहुत जल्दी नरम हो जाती है। गिल के अनुसार, गेंद नरम पड़ने से गेंदबाजों के लिए विकेट लेना काफी मुश्किल हो जाता है।

 भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल करने पर लगे प्रतिबंध पर फिर से विचार करने का आग्रह किया और साथ ही कहा कि कूकाबुरा गेंद बहुत जल्दी नरम हो जाती है जिससे गेंदबाजों के लिए प्रतिकूल परिस्थितियों में गेंदबाजी करना मुश्किल हो जाता है। गिल ने यह टिप्पणी भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद की। पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी जिससे न्यूजीलैंड पहली पारी में 352 रन से पिछड़ने के बावजूद मैच ड्रॉ करने में सफल रहा। 

गिल ने मैच समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हम कोविड काल से बहुत आगे निकल चुके हैं। एक नियम था कि गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। अब सात-आठ साल हो गए हैं। मुझे नहीं पता कि वे इसकी अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने जो पहली गेंद ली थी वह मुझे लगता है कि 25-30 ओवरों के बाद बहुत नरम हो गई थी। मुझे लगता है उन्होंने (न्यूजीलैंड) भी शिकायत की थी। हमने इंग्लैंड में भी यही देखा था।’’ भारतीय कप्तान ने कूकाबुरा गेंद की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि नरम गेंद के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर या स्लिप में जाने की संभावना काफी कम हो जाती है।

 उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि गेंदों की गुणवत्ता कम हो गई है या क्या हुआ है। लेकिन ऐसी परिस्थितियों में अगर विकेट से कोई मदद न मिले और गेंद भी नरम पड़ जाए तो गेंदबाजों के लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है।’’ गिल ने कहा कि इस तरह की गेंद बल्ले का किनारा लेकर नहीं जाती जिससे विकेटकीपर और स्लिप क्षेत्र में कैच की संभावना कम हो जाती है।

 उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की गेंद के बल्ले का किनारा लेने की संभावना बहुत कम होती है। इसलिए विकेटकीपर को कैच देकर आउट होने की संभावना कम हो जाती है। अगर पिच से मदद नहीं मिल रही है तो एलबीडब्ल्यू करना भी आसान नहीं होता है।’’ गिल का मानना ​​है कि लार की अनुमति देने से टीमों को गेंद को लंबे समय तक अच्छी स्थिति में रखने में मदद मिलेगी। 

उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक लार का सवाल है तो मुझे लगता है कि टीमों को इसका इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए। यह नियम कोविड के दौरान लागू किया गया था। हम उस दौर से बहुत आगे निकल चुके हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़