Weight Loss Without Counting Calories: वेट लॉस करने के लिए कैलोरी काउंट का झंझट नहीं, आजमाएं ये तरीके

Low Calorie Foods
Image Credit- AI generated image (Chatgpt)
मिताली जैन । Jun 28 2026 2:16PM

अगर आप अपने कैलोरी काउंट में बने रहना चाहते हैं और खाना नापना नहीं चाहते तो ऐसे में एक ही बार में थाली तैयार करें। अगर आप बार-बार सर्विंग लेते हैं, तो ऐसे में आप अक्सर जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। इसलिए, आपको जितना खाना है, प्लेट में रखें। फिर दूसरी सर्विंग लेने से पहले कुछ वक्त रूकें।

जब भी वजन कम करने की बात होती है तो लोग सबसे पहले कैलोरी काउंट की बात ही करते हैं, क्योंकि जब कैलोरीज कम होंगी तो वजन कम करना आसान होगा। लेकिन इस चक्कर में हर मील को गिनना या नापकर खाना काफी थका देने वाला होता है। हो सकता है कि आप भी वजन कम करना चाहते हों, लेकिन बार-बार खाना नापने की चिंता नहीं करना चाहते तो ऐसे में आपको परेशाने होने की जरूरत नहीं है।

वजन कम करने के लिए हर बार कैलोरी काउंट करना जरूरी नहीं है। अगर आप सही तरीके से खाना चुनें और खाने की कुछ स्मार्ट आदतें अपनाएं, तो बिना कैलोरी गिने भी फिट रह सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इसके बारे में- 

हर बार कैलोरी गिनना क्यों जरूरी नहीं है?

अमूमन कैलोरी काउंटिंग को इसलिए अच्छा माना जाता है, क्योंकि इससे आपको यह समझने में मदद मिलती है कि आप कितना खा रहे हैं। हालांकि, इस तरीके को ताउम्र नहीं अपनाया जा सकता। यह काफी तनावभरा होता है और व्यक्ति अपनी डाइट का आनंद भी नहीं ले पाता है। इसलिए, स्मार्ट ईटिंग करने का विकल्प चुनना काफी अच्छा रहता है।   

इसे भी पढ़ें: उमस वाली गर्मी में Dehydration का 'Silent Killer' अटैक, Monsoon में इन लक्षणों को न करें Ignore

आजमाएं हाफ प्लेट रूल

यह एक ऐसा तरीका है, जिसमें आप बिना मापे भी 200-400 कैलोरी कम खा सकते हैं। इसके लिए आपको इतना करना है कि बस अपनी प्लेट देखें। फिर उसमें आधी प्लेट सब्जियां या सलाद रखें। इसके बाद उसमें एक चौथाई प्रोटीन व एक चौथाई कार्बाेहाइड्रेट रखें। दरअसल, सब्जियों में पानी और फाइबर ज्यादा होता है जबकि कैलोरी कम होती है। जिसकी वजह से प्लेट और पेट दोनों भर जाते हैं, लेकिन कुल कैलोरी नहीं बढ़ती।

एक ही बार में तैयार करें थाली

अगर आप अपने कैलोरी काउंट में बने रहना चाहते हैं और खाना नापना नहीं चाहते तो ऐसे में एक ही बार में थाली तैयार करें। अगर आप बार-बार सर्विंग लेते हैं, तो ऐसे में आप अक्सर जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। इसलिए, आपको जितना खाना है, प्लेट में रखें। फिर दूसरी सर्विंग लेने से पहले कुछ वक्त रूकें। आप पाएंगे कि भूख खुद ही शांत हो गई है।  

प्रोटीन से करें खाना शुरू

अगर आप खाने को काउंट किए बिना ही अपनी कैलोरीज में बने रहना चाहते हैं तो ऐसे में हर मील की शुरुआत प्रोटीन से करें। इसके लिए आप दाल, पनीर, दही, चना, राजमा या मूंग आदि खा सकते हैं। ऐसा इसलिए फायदेमंद है, क्योंकि प्रोटीन तृप्ति बढ़ाने वाले हार्मोन को सक्रिय करता है, जिससे आपको पेट देर तक भरा महसूस होता है। इससे आप कार्ब्स या मीठा कम खाते हैं और ऐसे में आप अपने कैलोरी काउंट में आसानी से बने रहते हैं।

ना देखने वाली कैलोरी होती हैं नुकसानदायक

अमूमन लोग वेट लॉस के दौरान सिर्फ अपने खाने पर ध्यान देते हैं और उसी की कैलोरीज को गिनते हैं। लेकिन फिर भी उनका वजन कम नहीं हो पाता। लेकिन कैलोरी काउंट किए बिना वजन कम करने के लिए जरूरी है कि आप ना दिखने वाली कैलोरीज को भी पहचानें। मसलन, चाय में चीनी, बिस्कुट, टेस्ट करते समय खाना या खाना बनाते समय स्नैकिंग करना आदि दिनभर में 300-500 अतिरिक्त कैलोरी जोड़ देते हैं। इन पर ध्यान देकर भी आप अपने कैलोरी काउंट में आसानी से बने रह सकते हैं।

- मिताली जैन

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
All the updates here:

अन्य न्यूज़