Jayant Chaudhary ने लखनऊ में WorldSkills Shanghai विजेता कैफ खान से की मुलाकात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शनिवार को लखनऊ में वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 के विजेता कैफ खान के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने कैफ को मेडलियन फॉर एक्सीलेंस जीतने पर बधाई दी और उनके 110 वर्षीय दादाजी व परिजनों से भी भेंट की। मंत्री ने इस उपलब्धि को देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शनिवार को यहां वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 विजेता कैफ खान से मुलाकात की। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि यहां कौशल दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने से पहले जयंत चौधरी ने वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में मेडलियन फॉर एक्सीलेंस जीतकर उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले होनहार युवा कैफ खान के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर चौधरी ने कैफ खान एवं उनके परिजनों से भेंट की तथा कैफ के 110 वर्षीय दादाजी से भी मुलाकात की।

मंत्री ने कैफ को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कैफ की यह सफलता उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारतीय युवाओं की यह शानदार कामयाबी देश के बढ़ते कौशल सामर्थ्य को प्रदर्शित करती है। मुलाकात के दौरान कैफ के परिजनों ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही अपने हुनर को अपनी पहचान बनाया और निरंतर कड़ी मेहनत से स्वयं को निखारा है।

परिजनों ने भावुक एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के स्वयं घर आकर उत्साहवर्धन करने से पूरे परिवार को अपने बेटे पर गर्व की अनुभूति हुई है तथा यह विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है कि देश में हुनरमंदों की सच्ची कद्र और उनके प्रति पूरा सम्मान है। बयान के अनुसार इंडिया स्किल्स से शुरू हुआ कैफ खान का सफर आज वैश्विक मंच तक पहुंचा है। उन्होंने पहले राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित किया और तत्पश्चात ‘वर्ल्डस्किल्स’ के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मेडलियन फॉर एक्सीलेंस जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़