Seattle Airport पर फ्लाइट में चढ़ने से पहले दो यात्रियों को घसीटकर ले गए ICE एजेंट, Alaska Airlines ने जताई नाराजगी

अमेरिका के सिएटल एयरपोर्ट पर विमान में सवार हो रहे दो यात्रियों को नकाबपोश इमिग्रेशन एजेंटों ने वीजा अवधि खत्म होने पर हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और फ्लाइट में देरी हुई। अलास्का एयरलाइंस और वॉशिंगटन के गवर्नर ने बिना पूर्व सूचना की गई इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।
अमेरिका के सिएटल-टाकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नकाबपोश इमिग्रेशन एजेंटों ने फ्लाइट में सवार होने जा रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई अलास्का एयरलाइंस की लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट में बोर्डिंग के दौरान हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें एजेंट एक व्यक्ति को जमीन पर दबोचते और यात्रियों के विरोध के बीच दो लोगों को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस कार्रवाई के कारण फ्लाइट की उड़ान में भी देरी हुई।
बेटी को ले जाने पर एजेंटों से भिड़ती रही महिला
यह घटना शनिवार, 21 नवंबर की सुबह की है। यात्री अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 1306 में सवार हो रहे थे। इसी दौरान इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) के नकाबपोश एजेंट जेट ब्रिज पर पहुंचे और दो लोगों को हिरासत में लेने लगे।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक महिला एजेंटों का विरोध करती सुनाई दे रही है। वह बार-बार कहती है कि वे उसकी बेटी को ले जा रहे हैं और उनके पास वर्क परमिट भी है। वीडियो में एजेंट एक व्यक्ति को जमीन पर दबोचते दिखाई देते हैं। वहीं, आसपास मौजूद यात्रियों को भी पीछे हटने के लिए कहा जाता है। इस पूरी घटना के दौरान एयरपोर्ट पर तनाव का माहौल बन गया।
Masked ICE Agents Allegedly Pushed Past Passengers and Detained Two Travelers Waiting to Board at Sea-Tac Airport #seattle https://t.co/4aFIRzNMZJ
— SEATTLESUBMISSIONS (@SEATTLESUBMISS) November 21, 2026
इसे भी पढ़ें: US ने चला वेनेजुएला वाला पासा, गयाना के तेल पर डाली नजर, भारत ने पलटा पूरा खेल
वीजा खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रहने का आरोप
अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी आईसीई के मुताबिक, यह एक खास व्यक्ति को निशाना बनाकर की गई कार्रवाई थी। एजेंसी ने बताया कि उसका निशाना मैक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा थे। आईसीई का आरोप है कि रिकार्डो अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रह रहे थे।
एजेंसी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक अन्य यात्री सोफिया हर्नांडेज मेजिया ने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकी थी। आईसीई का दावा है कि वह भी वीजा की अवधि खत्म होने के बाद अमेरिका में रह रही थीं। एजेंसी ने कहा कि सोफिया पर संघीय अधिकारी के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया जा सकता है।
अलास्का एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन ने जताई नाराजगी
अलास्का एयरलाइंस ने कहा कि उसे इस इमिग्रेशन कार्रवाई के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। एयरलाइन ने इस घटना को यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बेहद परेशान करने वाला बताया।
एयरलाइन के मुताबिक, वह पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर यह पता लगा रही है कि कार्रवाई के दौरान तय नियमों और सुरक्षा से जुड़े तरीकों का पालन किया गया था या नहीं। वहीं, पोर्ट ऑफ सिएटल प्रशासन ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई। प्रशासन ने कहा कि एयरपोर्ट पर यह कार्रवाई उसकी जानकारी या भागीदारी के बिना की गई।
उसके मुताबिक, इस घटना से प्रभावित परिवार के साथ-साथ आसपास मौजूद यात्रियों को भी परेशानी हुई। प्रशासन ने कहा कि वह इस मामले में संघीय अधिकारियों से जवाब मांगेगा।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की 90 मिनट की मुलाकात: कामयाबी या महज़ दिखावा, क्यों 1945 के 'याल्टा' से है बिल्कुल अलग?
वॉशिंगटन के गवर्नर ने आईसीई की कार्रवाई पर उठाए सवाल
वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने आईसीई की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इस तरीके को गहराई से गैर अमेरिकी (Deeply Un-American) बताया। गवर्नर ने कहा कि नकाब पहने एजेंटों का अपनी पहचान बताए बिना लोगों को विमान में चढ़ते समय घसीटकर ले जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि संघीय एजेंट जेट ब्रिज तक कैसे पहुंचे। फर्ग्यूसन के मुताबिक, वह इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या एजेंटों ने मार्च में हस्ताक्षरित राज्य के उस कानून का उल्लंघन किया है, जो कानून लागू करने वाले अधिकारियों के चेहरे ढकने पर रोक लगाने से जुड़ा है।
अन्य न्यूज़













