अल्बानिया में आए भूकंप से मची भारी तबाही, अब तक 20 की मौत

डुरेस (अल्बानिया)। अल्बानिया में मंगलवार तड़के आये भीषण भूकंप के बाद मलबे से शवों के मिलने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 20 हो गई है और 600 से अधिक लोग घायल हो गये। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मरनेवालों की संख्या शाम में बढ़कर 20 हो गई है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार 6.4 तीव्रता के साथ आये भूकंप का केन्द्र राजधानी तिराना से 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। इसके बाद 5.1 और 5.4 की तीव्रता वाले झटके महसूस किए गए।
Tragic photos from the deadly earthquake in Albania #PrayForAlbania 😢🙏❤️ pic.twitter.com/fz6YYNrS5g
— Team Albanians (@TeamAlbanians) November 26, 2019
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि लगभग 600 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तिराना से 33 किलोमीटर दूर दुर्रेस में ढही इमारत से सात शव बाहर निकाले गए। थुमाने शहर में भी एक इमारत ढहने के बाद मलबे से पांच लोगों के शव निकाले गये। वहीं, एक अन्य घटना में कुर्बिन में भूकंप आने पर घबरा कर अपने घर से बाहर छलांग लगा देने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उत्तरी शहर लेज्हा में सड़क के टूटने से एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: अल्बानिया में भूकंप: आठ लोगों की मौत, 300 से अधिक घायल
बचावकर्मी भूकंप के कारण ढही इमारतों में फंसे लोगों को बचाने के प्रयास कर रहे हैं। अल्बानिया के राष्ट्रपति इलिर मेटा ने कहा कि थुमाने में स्थिति काफी गंभीर है। लोगों को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एदी रमा ने कहा कि सभी सरकारी एजेंसियां सतर्क हैं और दुर्रेस और थुमाने में लोगों की जान बचाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आपदा के समय हमें शांत रहने की जरूरत है, दुख की इस घड़ी में हमें एक दूसरे का साथ देने की जरूरत है।
अन्य न्यूज़