Bangladesh में Awami League के देशव्यापी बंद पर हिंसा, सात जिलों में 3000 BGB जवान तैनात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बांग्लादेश में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के पूर्ण बंद के दौरान कई जिलों में आगजनी और देसी बम विस्फोट की घटनाएं सामने आई हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ढाका और गोपालगंज समेत सात संवेदनशील जिलों में 3,000 अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। उपद्रव के कारण हवाई अड्डों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया है।

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित अवामी लीग पार्टी की ओर से देशव्यापी बंद के आह्वान के बीच बृहस्पतिवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच सात जिलों में करीब 3,000 अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 96 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। इनमें करीब 3,000 जवान शामिल हैं।

उनके मुताबिक बीजीबी के इन जवानों को ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मदद के लिए भेजा गया है। बीजीबी अधिकारियों ने बताया कि गोपालगंज जिले में 27, राजधानी ढाका में 23 और चट्टोग्राम में 15 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। ये जवान जिला प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

नागरिक विमानन अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर तोड़फोड़, आगजनी और देसी बम विस्फोट की घटनाओं के बाद सभी हवाई अड्डों को अधिकतम सतर्कता पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, गोपालगंज-एक निर्वाचन क्षेत्र के सांसद सलीमज्जमां मोल्ला के घर और काशियानी में उनके कई रिश्तेदारों तथा समर्थकों के घरों में आग लगा दी गई। हसीना के समर्थकों ने जिले के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किए और स्थानीय हथियार लेकर सड़कों पर उतरे, जिनमें प्रतिबंधित अवामी लीग, जुबो लीग और प्रतिबंधित छात्र लीग के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने गोपालगंज में एक पुलिस थाने में आग लगा दी। इससे दो दिन पहले हसीना के जन्मस्थान तुंगिपारा में भी एक अन्य पुलिस थाने को आग के हवाले कर दिया गया था। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, जब प्रदर्शनकारियों ने गोपालगंज के काशियानी पुलिस थाने में आग लगाई, उस समय वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

दमकल विभाग के अधिकारी शिप्लू अहमद ने बताया कि इलाके में खड़े कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। पिछले दो दिनों में विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो अन्य सांसदों के घरों पर भी हमले किए गए। इसके कारण गोपालगंज सबसे अधिक हिंसा प्रभावित जिला बन गया है।

बृहस्पतिवार को वहां ज्यादातर दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। बुधवार रात पश्चिमी नराइल में हुई हिंसा में बीएनपी के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। इससे पहले पिछले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिमी फरीदपुर और पिरोजपुर में भी दो लोगों की जान गई थी।

ढाका में बृहस्पतिवार तड़के अज्ञात लोगों ने अगरगांव इलाके में मेट्रो रेल स्टेशन के नीचे देसी बम फोड़ा। इससे इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, पूर्ण बंद के आह्वान के साथ ही ढाका के आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कपड़ा कारखानों के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

इन घटनाओं के कारण राजधानी का दक्षिण-पश्चिम और पूर्वोत्तर के कई जिलों से सड़क संपर्क बाधित हो गया। परिवहन संचालकों ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के मध्य नारायणगंज, उत्तरी मैमनसिंह और उत्तर-पश्चिमी राजशाही में अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात लोगों ने खड़ी पांच बसों और एक ट्रक को आग लगा दी। बांग्लादेश की राजधानी में सुबह होने से पहले देसी बम विस्फोट हुए।

वहीं, चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग लगा दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद ढाका में कई देसी बम विस्फोट हुए तथा आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।

मीडिया की खबरों के अनुसार, बीएनपी के बताए जा रहे प्रतिद्वंद्वी कार्यकर्ताओं ने रात में ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और उनमें आग लगा दी। अवामी लीग ने इस लॉकडाउन का आह्वान ऐसे समय किया है, जब पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण ने हसीना के खिलाफ उनकी अनुपस्थिति में मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोपों में सुनवाई करते हुए उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। लॉकडाउन का आह्वान उस फैसले की बरसी के साथ हुआ है।

हसीना (79) पांच अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद अपनी सरकार गिरने के पश्चात बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। इस आंदोलन को जुलाई विद्रोह के नाम से जाना जाता है। बांग्लादेश की सरकार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।

बांग्लादेशी समाचार पोर्टल बीडी न्यूज24 के अनुसार, पूर्ण बंद से पहले ढाका में 24 घंटे तक चले अभियान में पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं, जिन्हें बुधवार रात उनके ढाका स्थित आवास से हिरासत में लिया गया। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग की दोबारा राजनीतिक वापसी रोकने के लिए सभी लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की है।

उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और गिरी हुई, पराजित तथा सत्ता से बेदखल फासीवादी ताकत बताया। रहमान ने मंगलवार रात संसद में अपने संबोधन में कहा, आइए, हम एक बार फिर 2024 की भावना के साथ एकजुट हों, जब हमने इस देश से निरंकुश ताकतों को बाहर किया था। हमें सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी ताकतें निर्णायक रूप से पराजित हों।

संसद में संबोधन से पहले उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों के साथ बैठक की और उन्हें अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में तुरंत लौटने तथा सड़कों पर सक्रिय रूप से मौजूद रहने को कहा। उन्होंने बीएनपी के सांसदों से कहा कि वे अवामी लीग के कार्यकर्ताओं से निपटने के लिए केवल सरकारी मशीनरी या प्रशासन पर निर्भर न रहें, बल्कि पार्टी के जमीनी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करें। इस सप्ताह पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख यूनुस के घर और उनके ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर भी हमले हुए।

ये घटनाएं पूर्वोत्तर के सिलहट, उत्तर-पश्चिमी राजशाही तथा दक्षिण-पश्चिमी बारिशाल और फरीदपुर में हुईं। हसीना की अवामी लीग सरकार पांच अगस्त 2024 को सत्ता से हटने के बाद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनकी अंतरिम सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया था और उसके हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को जेल भेज दिया था।

इनमें से अधिकतर पर सामूहिक हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिनमें से कई आरोप अस्पष्ट थे या जिन्हें साबित करना मुश्किल था। वहीं, भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटनाओं सहित कई अन्य मामलों में उनकी सरकार पर चुप्पी साधे रखने के आरोप लगे। इस साल 12 फरवरी को हुए चुनाव में सत्ता में आने के बाद बीएनपी सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध को बरकरार रखा।

हसीना की दिसंबर में किसी भी कीमत पर स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद हिंसा की ताजा घटनाएं शुरू हुईं। इसकी शुरुआत उनके गृहनगर तुंगिपारा में हुई, जहां दर्जनों युवाओं की गिरफ्तारी के बाद तनाव फैल गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़