अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में हुई गोलीबारी, छह लोग हुए घायल

अफगानिस्तान

अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में गोलीबारी हुई। विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जबीउल्ला हैदरी ने स्थानीय टीवी स्टेशन ‘अरियाना’ को बताया कि जब गोलीबारी शुरू हुई तब कक्षाएं भी चल रही थीं। हैदरी के अनुसार गोलीबारी के चलते विश्वविद्यालय के कर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों ने विद्यार्थियों को परिसर से बाहर ले जाना शुरू कर दिया।

काबुल। अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में सोमवार सुबह गोलीबारी होने लगी जिसके बाद पुलिस ने इस विशाल परिसर को घेर लिया है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक आरियान के अनुसार गोलीबारी अभी जारी है। जनस्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अकमल सामसोर ने बताया कि कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। अफगान मीडिया ने खबर दी है कि घटना के समय विश्वविद्यालय में पुस्तक प्रदर्शनी चल रही थी और गोलीबारी के वक्त विशिष्ट व्यक्तियों समेत कई लोग प्रदर्शनी में थे। विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जबीउल्ला हैदरी ने स्थानीय टीवी स्टेशन ‘अरियाना’ को बताया कि जब गोलीबारी शुरू हुई तब कक्षाएं भी चल रही थीं। हैदरी के अनुसार गोलीबारी के चलते विश्वविद्यालय के कर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों ने विद्यार्थियों को परिसर से बाहर ले जाना शुरू कर दिया।

इसे भी पढ़ें: बाइडेन और हैरिस के समर्थन में आए 1 हजार से भी ज्यादा एशियाई-भारतीय समुदाय

सुरक्षाबलों ने विश्वविद्यालय की ओर जाने वाली सड़कें बंद कर दी हैं तथा चिंतित परिवार विश्वविद्यालय में अपने बच्चों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वैसे तालिबान ने एक बयान में कहा कि इस हमले में उसका हाथ नहीं है। पिछले साल इस विश्वविद्यालय के गेट पर बम विस्फोट में आठ लोगों की जान चली गई थी। वर्ष 2016 में बंदूकधारियों ने काबुल स्थित अमेरिकी विश्वविद्यालय पर हमला किया था और 13 लोगों को मार डाला था। पिछले ही महीने इस्लामिक स्टेट ने राजधानी के शिया बहुल दश्त-ए-बार्ची के एक शिक्षण केंद्र में आत्मघाती बम हमलावर भेजा था जिसके हमले में 24 विद्यार्थियों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक घायल हुए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़