Iran ने भूमिगत ठिकाने पर नई मिसाइल लॉन्चर प्रणाली का किया अनावरण

Iran ने भूमिगत ठिकाने पर नई मिसाइल लॉन्चर प्रणाली का किया अनावरण
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शनिवार को एक भूमिगत ठिकाने पर नई दोहरी मिसाइल लॉन्चर प्रणाली का अनावरण किया है। यह प्रणाली एक साथ दो तरल ईंधन वाली मिसाइलें दागने में सक्षम है और इसका मकसद अमेरिका के दावों को जवाब देना है। वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तीन तेल टैंकरों पर हमले की सूचना भी सामने आई है।

ईरान ने एक भूमिगत ठिकाने पर नई मिसाइल लॉन्चर प्रणाली का अनावरण किया है। उसने दावा किया कि यदि अमेरिका के साथ युद्ध एक बार फिर तेज होता है, तो उसके पास हमले जारी रखने की क्षमता बरकरार है। इस बीच, गाजा पट्टी में इजराइली हवाई हमले में खाद्य सामग्री ले जा रहे एक ट्रक को निशाना बनाया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

शिफा अस्पताल के प्रमुख ने यह जानकारी दी। इजराइली सेना ने कहा कि उसने आतंकवादियों को निशाना बनाया था। मध्य पूर्व से शनिवार की ताजा खबरें इस प्रकार हैं- ईरान ने नई दोहरी मिसाइल लॉन्चर प्रणाली का अनावरण किया ------------------------------------- ईरान के सरकारी टेलीविजन ने एक भूमिगत मिसाइल ठिकाने का वीडियो प्रसारित किया, जहां अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक नए लॉन्चर का अनावरण किया।

गार्ड के अनुसार, यह लॉन्चर एक साथ दो तरल ईंधन वाली मिसाइलें दागने में सक्षम है। यह नया लॉन्चर उस दोहरी लॉन्चर प्रणाली से उन्नत प्रतीत होता है, जिसका इस्तेमाल ईरान पहले करता था और जो एक बार में दो ठोस ईंधन वाली मिसाइलें दागता था। तरल ईंधन अधिक दक्ष होता है और इससे मिसाइल संचालकों को उसकी गति तथा उड़ान पथ में कुछ हद तक बदलाव करने की क्षमता मिलती है।

मिसाइल ठिकाने का स्थान उजागर नहीं किया गया। हालांकि, इस प्रसारण का उद्देश्य ईरान की मिसाइल क्षमता का प्रदर्शन करना और अमेरिका के उन पुराने दावों का जवाब देना था, जिनमें कहा गया था कि उसके मिसाइल कार्यक्रम को नष्ट कर दिया गया है। इस बीच, आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका के साथ युद्ध एक बार फिर तेज हो सकता है।

नए लॉन्चर के अनावरण के दौरान रिवोल्यूशनरी गार्ड की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने दावा किया कि ईरान की ‘क्षमताओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है’। उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपनी युद्धक संरचना में कई अप्रत्याशित क्षमताओं और अत्यंत प्रभावी संसाधनों को शामिल किया है।’’ होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तीन तेल टैंकरों पर हमला ------------------------------------ होर्मुज जलडमरूमध्य में या उसके आसपास शनिवार को कम से कम तीन तेल टैंकरों पर हमला किया गया। यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर ईरान के ताजा हमलों की कड़ी प्रतीत होती है।

ब्रिटेन की सेना के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने ऑनलाइन जारी सूचनाओं में बताया कि शनिवार तड़के फारस की खाड़ी से जलडमरूमध्य के रास्ते बाहर निकल रहे दो तेल टैंकरों पर अलग-अलग समय पर अज्ञात वस्तुओं से हमला किया गया। ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र (यूकेएमटीओ) के अनुसार, एक टैंकर के पिछले हिस्से और दूसरे के इंजन कक्ष पर हमला हुआ। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

केंद्र की रिपोर्ट पर ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ईरानी नौसेना ने सरकारी मीडिया में प्रसारित एक बयान में कहा कि दोपहर से पहले जलडमरूमध्य के पूर्व में एक टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। सरकारी मीडिया ने यह भी बताया कि ईरानी सेना ने रातभर जलडमरूमध्य में अब तक का अपना सबसे ‘तीव्र और विविध’ अभियान चलाया।

इन अभियानों का उद्देश्य जहाजों की आवाजाही रोकना और संकरे समुद्री मार्ग से जहाजों को सुरक्षित निकालने के अमेरिकी सेना के प्रयासों को विफल करना था। ईरानी सेना जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बना रही है। इस अभियान का उद्देश्य वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी करना और ईरान के बंदरगाहों पर कड़ी नाकेबंदी लगाने वाले अमेरिका पर दबाव बनाना है।

गाजा में इजराइली हमले में तीन लोगों की मौत:स्वास्थ्य अधिकारियों का दावा ------------------------------------ गाजा शहर के तेल अल-हवा इलाके में शनिवार को खाद्य सामग्री ले जा रहे एक ट्रक पर इजराइली हमला हुआ। शिफा अस्पताल के निदेशक मोहम्मद अबू सलमिया ने यह जानकारी दी। हमले में ट्रक में सवार तीन लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने ‘एपी’ को बताया कि मृतकों के शव शिफा अस्पताल लाए गए थे। ऑनलाइन प्रसारित वीडियो में एक पिकअप ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। ट्रक के पिछले हिस्से में रखे पके हुए चावल के डिब्बे भी फटे नजर आ रहे हैं।

तत्काल यह पता नहीं चल पाया कि खाद्य सामग्री कहां ले जाई जा रही थी और क्या इसका संबंध किसी राहत संगठन से था। गाजा की 20 लाख से अधिक आबादी में से अधिकांश लोग बेघर हैं और भोजन के लिए संयुक्त राष्ट्र तथा अन्य राहत संगठनों की ओर से वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री पर निर्भर है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़