Donald Trump का दावा: अगले 10 साल में Nuclear Weapons के मामले में बराबरी कर लेगा चीन

Donald Trump का दावा: अगले 10 साल में Nuclear Weapons के मामले में बराबरी कर लेगा चीन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि चीन तेजी से परमाणु हथियारों का भंडार बढ़ा रहा है। पेंटागन की रिपोर्ट के मुताबिक 2030 तक बीजिंग के पास एक हजार से ज्यादा परमाणु हथियार होने का अनुमान है। शेनझेन में शी चिनफिंग और व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद ट्रंप ने यह टिप्पणी की।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के एक दिन बाद कहा कि चीन बहुत तेजी से परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा रहा है। इस मुलाकात के दौरान तीनों देशों ने परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए बातचीत करने पर सहमति जताई थी। रूस और अमेरिका के पास हजारों परमाणु हथियार हैं और इस मामले में दोनों देश दुनिया में सबसे आगे हैं।

वहीं, चीन भी अपने परमाणु हथियारों का जखीरा तेजी से बढ़ा रहा है। चीन की बढ़ती सैन्य ताकत पर अपनी वार्षिक समीक्षा में अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय ‘पेंटागन’ ने कहा कि 2024 के अंत तक चीन के पास 600 से कुछ अधिक परमाणु हथियार थे, लेकिन जिस गति से वह इनकी संख्या बढ़ा रहा है, उसे देखते हुए 2030 तक उसके पास 1,000 से अधिक परमाणु हथियार होने की संभावना है। ट्रंप ने शुक्रवार को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान चीन के परमाणु हथियारों के बढ़ते जखीरे का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वे अगले 10 साल में हमारी बराबरी कर लेंगे।

वे बहुत तेजी से परमाणु हथियार बना रहे हैं और उनके पास पहले से ही बड़ी संख्या में ऐसे हथियार हैं।’’ ट्रंप ने बृहस्पतिवार को चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में शी और पुतिन के साथ हुई शिखर बैठक के बाद इस बारे में पहली बार सार्वजनिक टिप्पणी की। चीन और रूस को लंबे समय से अमेरिका का प्रतिद्वंद्वी माना जाता रहा है। ट्रंप के साथ मौजूद अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि परमाणु हथियारों से संपन्न इन तीनों देशों के बीच बातचीत बेहद जरूरी है।

रुबियो ने कहा, ‘‘दुनिया के अधिकतर परमाणु हथियार इन तीन देशों के पास हैं। यह सोचना कि इन तीनों देशों के नेताओं को नियमित रूप से बातचीत नहीं करनी चाहिए, न केवल बेतुका है बल्कि खतरनाक भी है।’’ त्रिपक्षीय बैठक के बाद तीनों नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि वे ‘‘परमाणु हथियारों से जुड़े जोखिमों को कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए बातचीत करेंगे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़