Qatar में हिरासत में बंद पूर्व नौसेना अधिकारी Purnendu Tiwari के स्वास्थ्य पर विदेश मंत्रालय ले रहा जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह कतर में हिरासत में मौजूद भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर पूर्णेंदु तिवारी के स्वास्थ्य की जानकारी जुटाने के लिए वहां के प्रशासन से लगातार संपर्क में है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक तिवारी को हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारत सरकार ने कतर से उन्हें हर आवश्यक चिकित्सा देखभाल मुहैया कराने का आग्रह किया है।

भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह कतर में चार साल से अधिक समय से हिरासत में रखे गए भारतीय नौसेना के एक पूर्व अधिकारी के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए वहां के अधिकारियों के संपर्क में है। ऐसी खबरें आई हैं कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्णेंदु तिवारी भारतीय नौसेना के उन आठ पूर्व अधिकारियों में शामिल थे, जिन्हें 2022 में जासूसी के आरोपों में कतर के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था।

कतर की अदालत द्वारा उनकी सजा कम किए जाने और वहां के अमीर के बाद में रिहाई का आदेश देने के बाद अन्य सात अधिकारी भारत लौट चुके हैं, जबकि तिवारी अब भी हिरासत में हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने (तिवारी की) स्वास्थ्य स्थिति के बारे में मीडिया में कुछ खबरें देखी हैं। हमने उनकी कुशलक्षेम का पता लगाने के लिए कतर के अधिकारियों से संपर्क किया है।

साथ ही, हमने उनसे यह भी कहा है कि यदि तिवारी को उचित चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता है, तो उन्हें यह उपलब्ध कराई जानी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम यह भी समझते हैं कि उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और हम उनकी चिकित्सा स्थिति के संबंध में और जानकारी मांग रहे हैं।’’ जायसवाल ने कहा, ‘‘हम कमांडर तिवारी के लिए हरसंभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ कतर के अधिकारियों के भी संपर्क में हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़