Iowa में विस्फोटक रसायनों को नष्ट करने US Army लेगी आपात नियमों का सहारा

अमेरिकी सेना ने आयोवा प्रांत में स्थित गोला-बारूद संयंत्र में रखे अत्यंत अस्थिर लेड एजाइड रसायनों को विस्फोट से नष्ट करने के लिए आपातकालीन शक्तियों का उपयोग करने का फैसला किया है। सेना के अनुसार गिरते तापमान के कारण इन ड्रमों में स्वतः विस्फोट का खतरा पैदा हो गया है, जिससे तुरंत कदम उठाना जरूरी है। वहीं पर्यावरण संरक्षण समूहों ने इस योजना पर रोक के लिए अदालत का रुख किया था।
अमेरिकी सेना ने बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई टन रसायनों को आयोवा प्रांत में विस्फोट के जरिए नष्ट करने की योजना पर लगी अदालती रोक से बचने के लिए आपातकालीन प्रावधानों का सहारा लेने का फैसला किया है। सेना का कहना है कि ठंड बढ़ने के साथ इन रसायनों से खतरा और गंभीर हो सकता है तथा कार्रवाई में लगातार देरी से जोखिम बढ़ेगा। दरअसल मार्च में आयोवा स्थित सेना के गोला-बारूद निर्माण संयंत्र के कर्मचारियों को खराब हो चुके ‘लेड एजाइड’ नामक रसायन से भरे कई दर्जन ड्रम मिले थे।
‘लेड एजाइड’ एक अत्यंत संवेदनशील और विस्फोटक रासायनिक पदार्थ है, जिसमें सीसा होता है। इसका इस्तेमाल गोला-बारूद और विस्फोटकों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है। इस पदार्थ में क्रिस्टल बनने की प्रक्रिया ने इसे अत्यधिक अस्थिर और खतरनाक बना दिया था।
इसके बाद सेना ने रसायन विज्ञान, इंजीनियरिंग और पर्यावरण सुरक्षा के विशेषज्ञों की एक टीम गठित की ताकि इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की योजना तैयार की जा सके। अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (ईपीए) के दस्तावेजों के अनुसार, ड्रमों में मौजूद रसायनों को अन्य रासायनिक पदार्थों की मदद से निष्क्रिय करने या विघटित करने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया गया था। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि ड्रमों को संभालने या उनमें मौजूद सामग्री को निकालने से दुर्घटनावश जानलेवा विस्फोट होने की आशंका बढ़ सकती है।
सरकारी वकीलों ने शनिवार देर रात अमेरिका की आठवीं सर्किट अपीलीय अदालत में दाखिल एक दस्तावेज में कहा, ‘‘अपने कर्मियों और आसपास के समुदायों की सुरक्षा के लिए सेना को तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण की रक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। इसमें और देरी नहीं होनी चाहिए।’’ हालांकि, पर्यावरण संरक्षण संगठनों ने सरकार के इस कदम की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह अदालती आदेश को दरकिनार करने और सुरक्षा तथा पारदर्शिता को लेकर जनता की मांगों से बचने का प्रयास है।
अपीलीय अदालत ने बृहस्पतिवार को पर्यावरण कार्यकर्ताओं की याचिका स्वीकार करते हुए उस परमिट पर अस्थायी रोक लगा दी थी, जिसके तहत आयोवा के मिडलटाउन में रसायनों को विस्फोट कर नष्ट करने की अनुमति दी गई थी। पहले यह कार्रवाई शुक्रवार को की जानी थी, लेकिन स्वास्थ्य और पर्यावरण पर संभावित दुष्प्रभावों को लेकर लोगों की व्यापक चिंताओं के बाद सेना ने इसे सोमवार तक टालने की घोषणा की थी। पर्यावरण संगठनों ने इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (ईपीए) की ओर से जारी आपातकालीन परमिट की समीक्षा की मांग की है।
‘आयोवा पर्यावरण परिषद, ‘सिएरा क्लब’ और ‘अर्थजस्टिस’ ने रविवार को जारी एक संयुक्त बयान में इस दावे पर सवाल उठाया कि रसायनों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के सभी वैकल्पिक उपायों पर पर्याप्त विचार किया गया था। ‘अर्थजस्टिस’ के वकील थिएन चाऊ ने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि सेना सप्ताहांत में न्यायिक प्रक्रिया से बचने का रास्ता तलाशने को लेकर अधिक चिंतित थी, बजाय इसके कि वह अधिक पारदर्शिता, प्रभावित समुदायों को पर्याप्त सूचना देने और लोगों, संपत्ति तथा पर्यावरण को गंभीर नुकसान से बचाने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की जनता की मांगों को पूरा करती।’’ वहीं अधिकारियों का कहना है कि ये रसायन अस्थिर हो चुके हैं और इनके अनियंत्रित विस्फोट का खतरा लगातार बढ़ रहा है तथा विशेष रूप से तापमान गिरने के साथ यह जोखिम और अधिक गंभीर हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 30 डिग्री फारेनहाइट यानी लगभग शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे जाने का अनुमान है।
ऐसी स्थिति में रसायनों के अपने आप विस्फोट होने की आशंका है। मिडलटाउन में करीब 400 लोग रहते हैं, जबकि आसपास के इलाकों में हजारों लोग निवास करते हैं। आशंका है कि विस्फोट के बाद निकलने वाले हानिकारक कण हवा में फैलकर जमीन पर जमा हो सकते हैं, जिससे इन लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित दो विस्फोटों से उत्पन्न कंपन कुछ समय के लिए ही महसूस होंगे, लेकिन इनसे पुरानी खिड़कियों के शीशे टूट सकते हैं। इसे देखते हुए मिडलटाउन के कुछ निवासियों को अस्थायी रूप से इलाका खाली करने की सलाह दी गई है। एक सरकारी परामर्श में कहा गया है, ‘‘विस्फोट के कारण हवा में धुएं और धूल का गुबार उठेगा, जिसमें सीसा युक्त कुछ कण मौजूद होंगे।
ये कण हवा में फैलने के बाद जमीन पर जमा हो सकते हैं।’’ परामर्श में चेतावनी दी गई है कि सीसा मनुष्यों और जानवरों, दोनों के लिए विषैला होता है।
अन्य न्यूज़













