Ayodhya से Janakpur के बीच सीधी ट्रेन, Yogi Adityanath ने बताया सांस्कृतिक संबंधों में नया अध्याय

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा के शुभारंभ पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे दोनों देशों के सदियों पुराने आत्मीय संबंधों को आधुनिक रेल संपर्क से और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। यह रेल सेवा आम यात्रियों के लिए 28 नवंबर से शुरू होगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत को दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों में एक नया अध्याय करार दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मित्र राष्ट्र नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा की शुरुआत करेंगे।” उन्होंने कहा, “युगों से अक्षुण्ण भारत और नेपाल का यह आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सृदृढ़ होगा। यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री के ‘विरासत भी, विकास भी और पड़ोसी प्रथम’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है।” योगी आदित्यनाथ ने कहा, “इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा सुगम होगी और धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नयी गति मिलेगी।

अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को ह्रदय से बधाई। जय श्री सीता राम।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेंद्र शाह सोमवार को अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह दिल्ली से डिजिटल माध्यम से ट्रेन को रवाना करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि यह रेल सेवा 28 नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होगी और अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय की जा सकेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़