अखिलेश बोले पाकिस्तान हमारा असली नहीं राजनीतिक दुश्मन है, भड़की BJP ने किया पलटवार

akhilesh yadav

अखिलेश यादव के इस आरोप पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा है कि एक तरफ जहां पूरा देश उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मना रहा है वहीं अखिलेश यादव कह रहे हैं कि पाकिस्तान हिन्दुस्तान का असली दुश्मन नहीं है।

नमस्कार न्यूजरूम में आप सभी का स्वागत है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के प्रचार में एक बार फिर जिन्ना ने एंट्री ली है। पहले भी कई बार जिन्ना की तारीफ कर चुके समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अब एक समाचार-पत्र को दिये साक्षात्कार में भाजपा पर आरोप लगाया है कि वोटों की खातिर ही वह पाकिस्तान को निशाना बनाती है जबकि भारत का असली दुश्मन चीन है। अखिलेश यादव ने कहा है कि डॉक्टर राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव की भी यही राय रही है कि चीन हमारा असली दुश्मन है जबकि पाकिस्तान हमारा राजनीतिक दुश्मन है। अखिलेश ने आरोप लगाया है कि भाजपा वोटों की राजनीति के लिए ही पाकिस्तान को निशाना बनाती है।

इसे भी पढ़ें: यूपी में योगी-अखिलेश के बीच काँटे की टक्कर, प्रियंका का भी बढ़ा आत्मविश्वास

अखिलेश यादव के इस आरोप पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा है कि एक तरफ जहां पूरा देश उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मना रहा है वहीं अखिलेश यादव कह रहे हैं कि पाकिस्तान हिन्दुस्तान का असली दुश्मन नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने तो यहां तक आरोप लगा दिया कि जो जिन्ना से करे प्यार वो पाकिस्तान से कैसे करे इंकार। संबित पात्रा ने कहा कि अखिलेश यादव अपने प्रत्याशियों की अगली सूची नहीं जारी कर पा रहे हैं क्योंकि पहली सूची की तरह ही उसमे भी गुंडे और माफियाओं की भरमार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वो दंगाइयों को टिकट दे रहे हैं। पात्रा ने कहा कि शुक्र है कि याकूब मेनन को फांसी दे दी गई है नहीं तो अखिलेश जी उन्हें भी देशभक्त बताकर दंगाई नाहिद हसन की तरह ही अपना प्रत्याशी बना देते। संबित पात्रा ने कहा कि आज अखिलेश जी को ओपीनियन पोल पर आपत्ति है, वो बोल रहे हैं कि ओपीनियन पोल पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि मैं दावे से कह सकता हूं कि 10 मार्च को वो ईवीएम पर भी बरसेंगे जैसे आज ओपीनियन पोल पर बरस रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: अखिलेश का पहला दाँव फेल हो गया तो अब खैरात बाँटने के वादे कर सत्ता पाना चाहते हैं

इस बीच आज नयी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है। इस बैठक में भाग लेने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा अन्य पार्टी नेता पहुँचे। माना जा रहा है कि आज की बैठक में सहयोगी दलों को दी गयी सीटों के नामों पर तो मुहर लगेगी ही साथ ही बाकी बचे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी हो सकता है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़