HPSSC भर्ती अभ्यर्थियों के 4.27 करोड़ रुपये लौटाएगी Himachal सरकार, Sukhu ने दी जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि भंग हो चुके कर्मचारी चयन आयोग के अभ्यर्थियों की आवेदन राशि उचित समय पर वापस मिलेगी। 80 पोस्ट कोड के लिए 1.43 लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया था। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुल्क के वर्तमान ढांचे में बदलाव का कोई विचार नहीं है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान एक संयुक्त प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि पूर्ववर्ती हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी) के तहत 80 ‘पोस्ट कोड’ के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से लिया गया 4.27 करोड़ रुपये का आवेदन शुल्क वापस कर दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों सुधीर शर्मा और विपिन सिंह परमार के सवाल का जवाब देते हुए सुक्खू ने कहा कि यह राशि उपयुक्त समय पर वापस कर दी जाएगी। इन परीक्षाओं के लिए कुल 1,43,435 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और आवेदन शुल्क के रूप में उनसे 4.27 करोड़ रुपये एकत्र किए गए थे।

‘पोस्ट कोड’ से तात्पर्य विभिन्न श्रेणियों की नौकरियों से है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि आवेदन शुल्क के ढांचे में संशोधन करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। प्रश्न पत्र लीक का मामला 23 दिसंबर 2022 को सामने आने के बाद फरवरी 2023 में एचपीएसएससी को भंग कर दिया गया था।

सतर्कता ब्यूरो ने एचपीएसएससी की एक वरिष्ठ सहायक उमा आजाद को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से हल किया गया प्रश्नपत्र और 2.5 लाख रुपये नकद बरामद किया गया था। सितंबर 2023 में एचपीएसएससी के स्थान पर राज्य चयन आयोग की स्थापना की गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़