Operation Monsoon Thunder की कामयाबी पर Amit Shah ने NCB और अमेरिकी DEA को सराहा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान की सफलता पर भारतीय और अमेरिकी एजेंसियों की प्रशंसा की है। इस कार्रवाई के तहत एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मादक पदार्थों के आवागमन को पूरी तरह रोकने का संकल्प है।

गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) को ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ की शानदार सफलता पर बधाई दी। इस अभियान का उद्देश्य सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकना था। शाह ने इसे मादक पदार्थ के खतरे से निपटने में भारत-अमेरिका साझेदारी की ताकत का प्रमाण बताया।

भारत और अमेरिका की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ चलाया था। इस अभियान के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के छह सदस्यों को हाल ही में गिरफ्तार किया गया। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए संयुक्त रूप से शुरू किए गए ऑपरेशन मॉनसून थंडर की शानदार सफलता पर एनसीबी और अमेरिकी डीईए को हार्दिक बधाई।” उन्होंने कहा, “इस अभियान के तहत भारत और अमेरिका में की गई गिरफ्तारियां और जब्त किए गए नशीले पदार्थ इस बात का प्रमाण हैं कि मादक पदार्थों के खतरे से निपटने में भारत-अमेरिका की साझेदारी कितनी मजबूत है।

प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि न तो एक ग्राम नशीला पदार्थ भारत में आए और न ही यहां से दूसरे देशों में जाए।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़