AITA Election: टेनिस को खिलाड़ी-केंद्रित बनाएंगे Rohit Rajpal, 27 नवंबर को चुनाव

अखिल भारतीय टेनिस संघ के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रोहित राजपाल ने भारतीय टेनिस को खिलाड़ी-केंद्रित बनाने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि जीतने पर वह खिलाड़ियों और महासंघ के बीच की दूरी को कम करेंगे। इसके अलावा सिर्फ टूर्नामेंट और बुनियादी ढांचे तक सीमित न रहकर प्रतिभाओं को तराशने तथा खिलाड़ियों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
भारतीय टेनिस को अधिक खिलाड़ी-केंद्रित बनाने और खिलाड़ियों तथा राष्ट्रीय महासंघ के बीच लगातार बढ़ती दूरी को पाटने का संकल्प जताते हुए दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) के अध्यक्ष रोहित राजपाल ने कहा है कि अगर वह अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के अध्यक्ष चुने जाते हैं तो खिलाड़ियों के दृष्टिकोण और उनकी समस्याओं को उचित प्राथमिकता देने पर ध्यान दिया जायेगा। एआईटीए के पदाधिकारियों के चुनाव 27 नवंबर को होने है। इन चुनावों में अध्यक्ष पद के मौजूदा अध्यक्ष चिंतन पारिख को चुनौती दे रहे राजपाल का मानना है कि महासंघ अब तक मुख्य रूप से खेल सुविधाओं के विकास और टूर्नामेंटों के आयोजन तक सीमित रहा है जबकि खिलाड़ियों के विकास की जिम्मेदारी काफी हद तक निजी संस्थानों और व्यक्तिगत प्रयासों पर छोड़ दी गई है।
रोहित ने पीटीआई को दिये साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरा हमेशा से मानना रहा है कि खिलाड़ियों का विकास एआईटीए की जिम्मेदारियों का हिस्सा होना चाहिए। एआईटीए का अब तब नेतृत्व करने वालों का नजरिया ऐसा नहीं रहा है। उनका मानना था कि बुनियादी ढांचा तैयार करना और टूर्नामेंट आयोजित कराना महासंघ का काम है, जबकि खिलाड़ियों का विकास निजी स्तर पर होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे विचार हालांकि ऐसे नहीं है। केवल बड़ी संख्या में टूर्नामेंट आयोजित करना और टेनिस कोर्ट बनाना इस पूरे तंत्र के एक-दो हिस्से हैं। इस व्यवस्था की बाकी कड़ियों को भी आपस में जोड़ना जरूरी है।’’
पूर्व एशियाई जूनियर चैंपियन और एशियाई खेलों के पदक विजेता राजपाल का मानना है कि प्रतिभाओं को तराशने में पर्याप्त निवेश की कमी और खिलाड़ियों के विकास के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था नहीं होने के कारण भारतीय टेनिस कई एशियाई देशों से पिछड़ गया है। उनका यह भी मानना है कि महासंघ की कमान किसी पूर्व खिलाड़ी के हाथों में होने से खिलाड़ियों और प्रशासन के बीच संवाद का तरीका बदल सकता है। राजपाल ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से इससे पहले इस प्रतिष्ठित संस्था का नेतृत्व किसी खिलाड़ी ने नहीं किया।
मेरा मानना है कि इसी वजह से एआईटीए और खिलाड़ियों के बीच दूरी बनी रही। अब इस दूरी को पाटने का समय आ गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहले डेविस कप और फेड कप टीमों का नेतृत्व कर चुका हूं। इस दौरान खिलाड़ियों से बातचीत करने और महासंघ के साथ उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिला। अब उन समस्याओं का समाधान करने का समय है।’’ राजपाल पिछले कई वर्षों से एआईटीए के प्रशासन का हिस्सा रहे हैं। वह महासंघ के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और फिलहाल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में उनसे सवाल किया गया कि वह पहले इन बदलावों को लागू क्यों नहीं कर सके?
उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले पदों पर रहते हुए मेरे पास महासंघ की समग्र दिशा और नीतिगत फैसलों को प्रभावित करने का पर्याप्त अधिकार नहीं था। ऐसी जिम्मेदारियां मुख्य रूप से अध्यक्ष और महासचिव के अधिकार क्षेत्र में आती हैं।’’ राजपाल ने कहा, ‘‘कोषाध्यक्ष की भूमिका मुख्य रूप से खातों के प्रबंधन और चेक पर हस्ताक्षर करने तक सीमित रहती है।
आमतौर पर एआईटीए की दिशा और ‘विजन’ अध्यक्ष तथा महासचिव तय करते हैं। मुझे लगा कि उनकी योजनाओं में मुझे अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अगर अध्यक्ष की कुर्सी पर आता हूं, तो महासंघ को आगे बढ़ाने की पूरी जिम्मेदारी और अधिकार मेरे पास होंगे। यही वह बदलाव है जिसे मैं लाना चाहता हूं।’’
अन्य न्यूज़













