Siang Dam प्रोजेक्ट को रद्द करने की मांग, Arunachal Pradesh के संगठनों ने Amit Shah को लिखा पत्र

Siang Dam प्रोजेक्ट को रद्द करने की मांग, Arunachal Pradesh के संगठनों ने Amit Shah को लिखा पत्र
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अरुणाचल प्रदेश के दो प्रमुख स्थानीय संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से 11,200 मेगावाट की प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना को तुरंत निरस्त करने की अपील की है। संगठनों का कहना है कि प्रभावित ग्रामीणों से चर्चा किए बिना और आजीविका की स्थिति स्पष्ट किए बिना यह प्रक्रिया शुरू की गई है।

अरुणाचल प्रदेश के दो संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से 11,200 मेगावाट की प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) को रद्द करने का आग्रह किया है। संगठनों ने परियोजना में पारदर्शिता की कमी, स्थानीय लोगों से पर्याप्त विचार-विमर्श नहीं किए जाने और विशाल बांध का विरोध कर रहे लोगों को डराए-धमकाए जाने का आरोप लगाया है। ‘आदि बा:ने केबांग यूनाइटेड’ (एबीकेयू) और ‘सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम’ (एसआईएफएफ) ने शुक्रवार को ईमेल के जरिए शाह को एक संयुक्त ज्ञापन भेजा जिसमें परियोजना की प्रारंभिक व्यवहार्यता रिपोर्ट (पीएफआर) से जुड़ी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने, हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को रिहा करने, केंद्रीय सुरक्षा बलों को वापस बुलाने और सियांग जिले में 23 अक्टूबर को हुई हिंसा की न्यायिक जांच कराए जाने का आग्रह किया गया है।

दोनों संगठनों ने दावा किया कि सियांग नदी पर विशाल बांध बनाने के प्रस्ताव को जनविरोध के कारण राज्य की पिछली सरकारों ने दो बार खारिज कर दिया था, लेकिन प्रभावित समुदायों से उचित विचार-विमर्श किए बिना 2024 में इसे फिर से शुरू कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को परियोजना के बारे में पर्याप्त जानकारी दिए बिना ही प्रारंभिक व्यवहार्यता रिपोर्ट से जुड़ी गतिविधियां शुरू कर दी गईं। पुनर्वास, खेती के लिए वैकल्पिक भूमि और आजीविका बहाल करने के संबंध में भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़