Himanta Biswa Sarma ने कहा: असम को पूर्वी भारत की Skill Capital बनाना सरकार का लक्ष्य

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य को पूर्वी भारत की कौशल राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजना बनाई गई है। इसके तहत 77 तकनीकी संस्थानों के उन्नयन के लिए टाटा टेक्नोलॉजीज और ओईएमएस के साथ 2,390 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश शामिल है। साथ ही मंगलदाई में 1,016 करोड़ रुपये से राज्य कौशल विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जा रहा है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि असम को देश के बाकी हिस्सों के लिए केवल श्रमशक्ति की आपूर्ति करने वाला राज्य नहीं, बल्कि पूर्वी भारत की ‘कौशल राजधानी’ के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि भारत के भविष्य के लिए आईआईटी और आईटीआई दोनों ही समान रूप से महत्वपूर्ण हैं और देश का विकास केवल शैक्षणिक उपाधियों पर ही नहीं, बल्कि एक कुशल कार्यबल पर भी निर्भर करेगा। शर्मा ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह और लखनऊ में आयोजित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) टॉपर के पांचवे ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका संदेश स्पष्ट था: ‘विकसित भारत’ का निर्माण केवल शैक्षणिक उपाधियों से नहीं, बल्कि कुशल हाथों से होगा। आईटीआई से उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को भी उतना ही सम्मान और दर्जा मिलना चाहिए, जितना आईआईटी के पूर्व छात्रों को मिलता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चाहे आईआईटी हो या आईटीआई मेरे लिए दोनों ही मेरे देश की अमूल्य निधि, राष्ट्र की ताकत और भारत का भविष्य हैं।’’ उन्होंने कहा कि असम अपने उच्च शिक्षा संस्थानों और कौशल-विकास पारिस्थितिकी दोनों को मजबूत करके इस दृष्टिकोण को अमली जामा पहना रहा है। शर्मा ने कहा कि राज्य ने आईटीआई और अन्य कौशल-प्रशिक्षण संस्थानों को विश्व-स्तरीय उत्कृष्टता केंद्रों में बदलने के लिए 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के लक्षित निवेश वाली एक योजना तैयार की है।

उन्होंने बताया कि इस पहल का एक मुख्य हिस्सा टाटा टेक्नोलॉजीज और 20 से अधिक वैश्विक मौलिक उपकरण विनिर्माता (ओईएमएस) के साथ मिलकर 2,390 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करना है, ताकि 77 तकनीकी संस्थानों - जिनमें 43 आईटीआई और 34 पॉलिटेक्निक शामिल हैं - का उन्नयन किया जा सके। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार मंगलदाई में 1,016 करोड़ रुपये के निवेश से ‘असम कौशल विश्वविद्यालय’ भी स्थापित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह पूर्वी भारत में अपनी तरह का पहला राजकीय कौशल विश्वविद्यालय होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार पूर्वोत्तर की औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षण को ढालने के लिए, नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड की साझेदारी में जोरहाट में, और ऑयल इंडिया लिमिटेड के साथ मिलकर तिनसुकिया में, उद्योग-संचालित आईटीआई क्लस्टर और ग्लोबल मोबिलिटी सेंटर स्थापित कर रही है।’’ शर्मा ने बताया कि गुवाहाटी में एक ‘स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही माजुली, कोकराझार, सिलचर और डिब्रूगढ़ सहित कई जिलों में नौ ‘मल्टी-स्किल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आईटीई सिंगापुर के साथ हुई एक अंतरराष्ट्रीय साझेदारी, राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने में मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य स्पष्ट है। असम को देश के बाकी हिस्सों के लिए केवल श्रमशक्ति की आपूर्ति करने वाला राज्य नहीं, बल्कि पूर्वी भारत की ‘कौशल राजधानी’ के रूप में भी स्थापित करना है, जो ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर असम’ को गति देने के लिए तैयार हो।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़