यूपी में गठबंधन का गणित शुरू, Akhilesh Yadav ने उतारी 4 नेताओं की टीम; अब सीटों पर होगी बात

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू हो रही है। इसके लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामगोपाल यादव के नेतृत्व में चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। दोनों दलों के अनुसार सीटों का बंटवारा संख्या के बजाय जीत की संभावना और आपसी तालमेल के आधार पर तय होगा।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सोमवार से सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होगी। इसके लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चार सदस्यों की एक कमेटी बनाई है। इस कमेटी की अगुवाई सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव करेंगे। कमेटी में रामगोपाल यादव के अलावा सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन चौधरी को शामिल किया गया है।
सोमवार और मंगलवार को सीटों पर होगी चर्चा
सपा की यह कमेटी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत करेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, 23 और 24 नवंबर को दोनों पार्टियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक होगी।
उन्होंने कहा कि हर सीट पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “एक-एक सीट पर तार्किक चर्चा होगी। इसके बाद हम सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक समझौता करेंगे। उत्तर प्रदेश की जनता को इस तानाशाह सरकार से मुक्ति दिलाने के लिए सपा और कांग्रेस के साथ पूरा इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा।”
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2027) हेतु समाजवादी पार्टी की ओर से INDIA गठबंधन के सीट समझौते के लिए माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी द्वारा निम्नलिखित लोगों की कमेटी गठित की गई है: राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव श्री रामगोपाल यादव जी प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल जी माननीय सांसद श्री राजीव राय जी माननीय सांसद सुश्री इकरा चौधरी जी
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 22, 2026
इसे भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर Akhilesh Yadav ने खोले वादों के पिटारे, छात्रों से लेकर मेडिकल कर्मचारियों तक के लिए ऐलान
जीत की संभावना के आधार पर होगा सीटों का बंटवारा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीटों का बंटवारा जीत की संभावना के आधार पर होगा। जिस सीट पर जिस पार्टी या उम्मीदवार की स्थिति मजबूत होगी, उसे वहां से चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी इस बार मजबूत उम्मीदवारों का चयन करने के लिए आंकड़ों का विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञों की मदद भी ले रही है। सपा सांसद राजीव राय ने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कहा, “मैं परसों इस बात का खुलासा करूंगा। हमारे अध्यक्ष ने कहा है और हम भी दोहरा रहे हैं कि सवाल सीट का नहीं, बल्कि जीत का है। विचार यह किया जा रहा है कि कौन-कौन सी सीटें हम मिलकर जीत सकते हैं।”
इसे भी पढ़ें: Chandrashekhar Azad का नया दाव, Samajwadi Party-Congress को 26 नवंबर की रैली में बुलाया
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी दिया बयान
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के साथ होने वाली बैठक को लेकर कहा कि दोनों पार्टियां बैठकर सीटों पर चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा, “कल हमारी बैठक है और वहां बैठकर चर्चा होगी। यह दोनों पार्टियों की संयुक्त बैठक है। सीटों की संख्या को लेकर मनमानी नहीं होती। हम चाहते हैं कि गठबंधन जीते और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बने।” इमरान मसूद ने आगे कहा कि इसके लिए जरूरी है कि दोनों पार्टियां आपसी तालमेल बनाकर चुनाव मैदान में उतरें।
अन्य न्यूज़













