Ballia Court ने नाबालिग से कुकर्म के दोषी राम नारायण तिवारी को सुनाई 12 साल कैद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बलिया की पॉक्सो अदालत ने नाबालिग को नशीला पदार्थ देकर कुकर्म करने के मामले में शनिवार को फैसला सुनाया। विशेष न्यायाधीश प्रथम कांत ने दोषी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की एक अदालत ने नाबालिग लड़के को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में दोषी करार दिए गए व्यक्ति को 12 साल के कारावास और 20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो अधिनियम) विमल कुमार राय ने रविवार को बताया कि पॉक्सो अधिनियम अदालत के विशेष न्यायाधीश प्रथम कांत ने शनिवार को आरोपी राम नारायण तिवारी को दोषी करार दिया और उसे 12 साल के कारावास की सजा सुनाई तथा 20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। उन्होंने घटना के संदर्भ में कहा कि बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी राम नारायण तिवारी ने एक नाबालिग लड़के को नौ जुलाई, 2018 की रात्रि घर से बाहर ले जाकर भांग की गोली खिला दी और उसके साथ दुष्कर्म किया।

राय ने कहा कि इस मामले में पीड़ित के भाई की तहरीर पर घटना के अगले दिन यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच के बाद आरोपपत्र दाखिल किया और विशेष न्यायाधीश ने शनिवार को मामले में सजा सुनाई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़