West Bengal में BJP नेताओं को Sunil Bansal की दो टूक, पार्टी फैसलों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम बंगाल भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने साल्ट लेक कार्यालय में बंद कमरे की बैठक के दौरान नेताओं को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति संगठन से ऊपर नहीं है और पार्टी निर्देशों का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है। बैठक में विधायकों द्वारा व्यक्तिगत उपस्थिति के बजाय प्रतिनिधियों को भेजने पर भी आपत्ति जताई गई।

पश्चिम बंगाल में चुनावी जीत के बाद तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस के पदाधिकारियों को पार्टी में शामिल करने को लेकर उभरे मतभेदों और गुटबाजी की खबरों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य के अपने नेताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों को संगठनात्मक फैसलों की अवहेलना न करने की कड़ी चेतावनी दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने शुक्रवार को पार्टी के साल्ट लेक स्थित कार्यालय में हुई एक बंद कमरे की संगठनात्मक बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को आगाह किया कि संगठनात्मक निर्देशों के उल्लंघन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, भले ही पार्टी या सरकार में उनका पद कुछ भी हो। इस बात पर जोर देते हुए कि कोई भी व्यक्ति संगठन से ऊपर नहीं है, बंसल ने नेताओं से कहा कि वे ऐसा कोई आचरण न करें जिससे पार्टी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने के लिए मजबूर हो।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्होंने बैठक में मौजूद नेताओं से कहा, ‘‘इस तरह से व्यवहार न करें कि पार्टी के पास आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के अलावा कोई विकल्प न बचे।’’ इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, जिला अध्यक्ष, संभागीय प्रभारी और अन्य संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल हुए। बंसल ने निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा संगठनात्मक बैठकों को नजरअंदाज करने के मामलों पर भी नाराजगी व्यक्त की, जिसमें कथित तौर पर कुछ विधायक व्यक्तिगत रूप से शामिल होने के बजाय अपने प्रतिनिधियों को भेज रहे थे। सूत्रों ने बताया कि इस प्रथा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जो विधायक संगठनात्मक बैठकों में शामिल नहीं हो सकते, उन्हें अपनी उपस्थिति की जगह प्रतिनिधियों को नहीं भेजना चाहिए।

उन्होंने कथित तौर पर बैठक में कहा, ‘‘संगठनात्मक फैसलों को दरकिनार नहीं किया जा सकता। यदि कोई विधायक बैठक में शामिल नहीं हो सकता है, तो उसके स्थान पर किसी प्रतिनिधि को भेजने की कोई आवश्यकता नहीं है।’’ यह चेतावनी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में चार मई को पार्टी की जीत के बाद पूर्ववर्ती तृणमूल के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पार्टी में शामिल किए जाने को लेकर भाजपा के भीतर पनप रहे असंतोष की पृष्ठभूमि में आई है। इस चुनाव ने राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया।

विधानसभा चुनावों में प्रचंड जनादेश हासिल करके विपक्ष से सत्ताधारी दल में तब्दील होने और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सरकार बनाने वाली भाजपा संगठनात्मक चुनौतियों से जूझ रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़