झारखंड में भाजपा सरकार ने पांच सूत्रों पर काम किया: नरेन्द्र मोदी

bjp-government-in-jharkhand-worked-on-five-sources-says-narendra-modi
[email protected] । Nov 25 2019 4:16PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि खास कर झारखंड जैसे राज्य में डबल इंजन की सरकार ने तेजी से काम किया है और लोगों के जीवन में बड़े बदलाव किये हैं।

डाल्टनगंज (झारखंड)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को रघुवर दास के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी राज्य सरकार ने स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्मान और सुरक्षा के पांच सूत्रों के आधार पर काम किया और सबके साथ न्याय किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां झारखंड में विधानसभा चुनावों के लिए अपने प्रचार का आगाज करते हुए यह बात कही।

मोदी ने कहा, ‘‘झारखंड की भाजपा सरकार ने यहां विकास को द्रुत गति प्रदान की और इसके लिए उसने पांच सूत्रों पर काम किया जिनमें स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्मान और सुरक्षा शामिल थे।’’ उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान किया, झारखंड को लूटने से बचाया और हर व्यक्ति का गौरव बढ़ाया। राज्य सरकार ने प्रदेश को नक्सलवाद और अपराधमुक्त करने के लिए अनेक कदम उठाये जिससे आज राज्य में नक्सलवाद लगभग समाप्तप्राय है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आप पांच वर्ष पहले की स्थिति याद करिये जब इसी पलामू में लोग शाम छह बजे के बाद घर से निकलते नहीं थे। यदि मजबूरी में निकलते भी थे तो रात भर पूरा परिवार तनाव में रहता था और ईश्वर से प्रार्थना करता रहता था।लेकिन आज स्थिति लगभग सामान्य हो रही है। आज लोग रात में दस बजे तक भी पलामू से बाहर जाते हैं और निश्चिंत रहते हैं।’’? 

इसे भी पढ़ें: संसदीय लोकतंत्र की सफलता विपक्ष की राय का सम्मान करने पर निर्भर है: ओम बिरला

मोदी ने कहा कि भाजपा की पिछले पांच वर्षों की स्थिर सरकार ने यहां स्थितियां बदली हैं।  उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की सरकार ने गांव गांव में सड़कें बनायीं, लोगों के घरों तक बिजली पहुंचायी, पेय जल पहुंचाया, शौचालय बनाये और गैस के सिलिंडर दिये।लोगों को पक्के मकान दिये जा रहे हैं तथा किसानों को सहायता राशि दी जा रही है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि खास कर झारखंड जैसे राज्य में डबल इंजन की सरकार ने तेजी से काम किया है और लोगों के जीवन में बड़े बदलाव किये हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा ने जो वादे किये, उन्हें पूरा किया। चाहे वह कितने भी कठिन हों, चाहे उनमें कितनी भी कठिनाई रही हो। दूसरी ओर कांग्रेस और उनके साथी सिर्फ रेवड़ियां बांटना जानते हैं। उनके पास समस्याएं हैं, हमारे पास समाधान है।’’ उन्होंने कहा ‘‘ उनके पास (विपक्षी दलों के पास) सिर्फ झूठे आरोप हैं जबकि हमारे पास अपने काम की रिपोर्ट है। उनके पास कोरी घोषणाएं हैं और हमारे पास विकास के प्रमाण हैं।’’ मोदी ने कहा कि भाजपा अपने किसी भी कार्य सूत्र से डिगी नहीं है और आने वाले पांच वर्षों में रहे सहे कार्यों को भी पूरा करके दिखायेगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़