दिग्विजय के ऑडियो लीक पर भाजपा बोली, कांग्रेस की पाकिस्तान के साथ सांठगांठ

BJP
अंकित सिंह । Jun 12 2021 11:54AM

'क्लब हाउस' के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह किस प्रकार से बाहर भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं और किस प्रकार पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे हैं वो हम सभी ने टीवी चैनलों के माध्यम से देखा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के आर्टिकल 370 को फिर से लागू करने वाले ऑडियो के लिक होने के बाद देश की राजनीति तेज हो गई है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। संबित पात्रा ने कहा कि इससे पता चलता है कि कांग्रेस की सोच क्या है। उन्होंने कहा कि लिक ऑडियो कांग्रेस की टूलकिट का हिस्सा है। संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह देश के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। 'क्लब हाउस' के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह किस प्रकार से बाहर भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं और किस प्रकार पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे हैं वो हम सभी ने टीवी चैनलों के माध्यम से देखा है।

संबित पात्रा ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस का पाकिस्तान के साथ सांठगांठ है। कांग्रेस देश विरोधियों का क्लब हाउस है। संबित पात्रा ने यह भी कहा कि इससे पहले मणिशंकर अय्यर भी पाकिस्तान की पैरवी कर चुके हैं और धारा 370 को लेकर वह भारत के खिलाफ बोल चुके हैं। संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमारे जवानों द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल उठाते हुए उसे फर्जिकल स्ट्राइक बताया था। उन्होंने कहा कि ये वही दिग्विजय सिंह हैं, जिन्होंने पुलवामा हमले को एक दुर्घटना मात्र बता दिया था, इन्होंने ही 26/11 के हमले को RSS की साजिश बताया था और उस समय पाकिस्तान को क्लीन चिट देने का भी प्रयास किया था।

इसे भी पढ़ें: कश्मीर में फिर धारा 370 लागू करेगी कांग्रेस? भाजपा ने जारी किया दिग्विजय का ऑडियो

पात्रा ने आगे कहा कि कुछ दिन पहले टूलकिट का जिक्र किया गया था। ये सारा उस टूलकिट का हिस्सा है। क्लब हाउस में पाकिस्तान का पत्रकार ये सवाल पूछता है कि नरेन्द्र मोदी जी के हटने के बाद भारत की सत्ता कैसी होगी, कश्मीर पॉलिसी कैसी होगी। दिग्विजय जी ऐसे सवाल पर उस पत्रकार को धन्यवाद देते हैं और कहते हैं कि अगर मोदी जी सत्ता से हटते हैं और कांग्रेस की सरकार आती है तो वो जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से स्थापित करेगी। ये पूरी संभावना है कि आज जो दिग्विजय सिंह ने जो कहा है उसके लिए पहले से स्टेज मैनेज रहा होगा। उस पत्रकार से दिग्विजय सिंह या कांग्रेस के बड़े नेता ने ऐसा सवाल पूछने के लिए कहा होगा। ये सभी उस टूलकिट का हिस्सा है। पात्रा ने निवेदन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नाम को बदले वो INC को बदलकर ANC (एंटी नेशनल क्लब हाउस) कर दे। ये एक ऐसा क्लब हाउस है जिसमें सारे लोग मोदी जी से घृणा करते-करते आज हिंदुस्तान से घृणा कर बैठे हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़