Telangana में SIR और वोट चोरी के आरोपों पर BJP की रैली, नितिन नवीन करेंगे नेतृत्व

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के अनुसार, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विपक्ष के आरोपों के विरोध में भाजपा नेता नितिन नवीन एक रैली का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य फर्जी और अवैध प्रविष्टियों को सूची से हटाना है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस मिलकर राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को रोकने का प्रयास कर रही
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आलोचना और ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों के जवाब में सोमवार को यहां एक रैली का नेतृत्व करेंगे। केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने यह जानकारी दी। लोकसभा में करीमनगर का प्रतिनिधित्व करने वाले संजय कुमार ने रविवार को कहा कि नवीन जिस रैली में शामिल होंगे, वह ‘‘ऐतिहासिक’’ होगी और इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों को मतदान का अधिकार देना और मतदाता सूची से एक से अधिक बार दर्ज नामों, मृतकों तथा अवैध घुसपैठियों के नाम हटाना है।
संजय कुमार ने कहा कि एसआईआर को रोकने की कोशिश कर रहे सभी लोग देश के ‘‘खिलाफ’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देश का प्रधानमंत्री और किसी राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला देश के नागरिकों को करना चाहिए। अपने प्रतिनिधियों का चुनाव इस देश के नागरिक ही करेंगे...।’’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम किसी पाकिस्तानी, बांग्लादेशी, अफगान नागरिक या किसी अन्य को इसका फैसला नहीं करने देंगे। इसीलिए एसआईआर शुरू किया गया है।’’ संजय कुमार ने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के हालिया बयान को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) एक हैं।’’
रेड्डी ने कहा था कि सत्तारूढ़ कांग्रेस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी बीआरएस है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान इसी बात को साबित करता है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से मुख्यमंत्री चिंतित हैं। संजय कुमार ने सवाल किया कि बीआरएस का लोकसभा में एक भी सदस्य नहीं है और उसे एक भी नगर निगम में जीत नहीं मिली है, ऐसे में वह कांग्रेस की प्रतिद्वंद्वी कैसे हो सकती है?
उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस और कांग्रेस राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को रोकने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में अगली सरकार बनाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो नवंबर को हैदराबाद में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व किया था। भाजपा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों के जवाब में देश के विभिन्न शहरों में रैलियां आयोजित कर रही है।
अन्य न्यूज़













