TMC सांसद Abhishek Banerjee को कलकत्ता हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 26 फरवरी तक नहीं होगी दंडात्मक कार्रवाई

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने छह आपराधिक मामलों में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को मिली अंतरिम सुरक्षा सोमवार को बढ़ा दी। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत ने स्पष्ट किया कि मामलों की जांच अभी जारी है और परिस्थितियों में कोई बदलाव नहीं आया है। यह राहत 26 फरवरी 2027 या अगले अदालती आदेश तक प्रभावी रहेगी।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में दर्ज छह आपराधिक मामलों में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी को दंडात्मक कार्रवाई से मिली अंतरिम राहत की अवधि सोमवार को बढ़ा दी। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने इस साल मई से बनर्जी के खिलाफ दर्ज छह मामलों के संबंध में उनकी ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाई। डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी को मिली यह राहत 26 फरवरी 2027 तक या अदालत के अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) लागू रहेगी।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने इनमें से तीन मामलों में 25 अगस्त को दी गई अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाने संबंधी याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और परिस्थितियों में ऐसा कोई बदलाव नहीं आया है जिसके आधार पर बनर्जी को राहत की अवधि बढ़ाने से इनकार किया जाए। इन तीन मामलों में राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता बिलवदल भट्टाचार्य ने अदालत से कहा कि उच्च न्यायालय के 25 अगस्त के आदेश को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की गई है जो अभी विचाराधीन है। अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करते हुए बनर्जी के वकील गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत से कहा कि उच्चतम न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका में खामियां हैं।
राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय की ओर से 25 अगस्त को दी गई अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाने के बनर्जी के अनुरोध का विरोध किया। इन तीन मामलों में भवानीपुर, विष्णुपुर और कालीतला थानों में दर्ज प्राथमिकियों के संबंध में पुलिस को बनर्जी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने से रोका गया है। दक्षिण 24 परगना जिले के रवींद्रनगर और विष्णुपुर थानों में दर्ज तीन अन्य मामलों में राज्य सरकार ने दो मामलों की जांच में हुई प्रगति का विवरण देने वाले दस्तावेज अदालत में पेश किए।
शंकरनारायणन ने इन तीन मामलों में बनर्जी को सात सितंबर को दी गई अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया। राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता राजदीप मजूमदार ने इस अनुरोध का विरोध किया। न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि तीनों मामलों में जांच जारी है।
उन्होंने बनर्जी को दंडात्मक कार्रवाई से मिली अंतरिम राहत 26 फरवरी 2027 तक या अदालत के अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) बढ़ा दी।
अन्य न्यूज़













