Maharashtra के Latur में पहली बार दिखा भारतीय गिद्ध, तय की 10767 किमी की उड़ान

हरियाणा के पिंजौर केंद्र में पली सात वर्षीय मादा गिद्ध को तीन राज्यों के 10,767 किलोमीटर लंबे प्रवास के बाद महाराष्ट्र के लातूर में देखा गया। सैटेलाइट ट्रांसमीटर और पैरों में लगे रंगीन छल्लों की मदद से वन विभाग ने इसकी पुष्टि की। विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना गिद्धों के पुनर्वास कार्यक्रम की बड़ी सफलता दर्शाती है।
तीन राज्यों में 10,767 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद कैद में पाला गया एक भारतीय गिद्ध महाराष्ट्र के लातूर जिले की औसा तहसील में देखा गया है। वन्यजीव प्रेमियों ने बताया कि इस अति संकटग्रस्त प्रजाति की जिले में मौजूदगी पहली बार दर्ज की गई है। सात साल की इस मादा गिद्ध को ‘एफ14/एम99’ टैग दिया गया है और इसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इसमें सैटेलाइट ट्रांसमीटर लगाया गया है।
वन्यजीव प्रेमियों के अनुसार, इसे इस साल की शुरुआत में मेलघाट बाघ अभयारण्य में छोड़ा गया था। इसके बाद से यह महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और कर्नाटक में फैले अपने प्रवास के दौरान 18 नवंबर को दिखाई दी। इस शिकारी पक्षी को हरियाणा के पिंजौर स्थित बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (बीएनएचएस) के केंद्र में पाला गया था।
यह उन 15 गिद्धों में शामिल थी, जिन्हें पुनर्वास कार्यक्रम के तहत अभयारण्य के सोमठाना वन क्षेत्र में छोड़ा गया था। संरक्षण विशेषज्ञ इसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। वन्यजीव प्रेमी अभिजीत रसल द्वारा औसा में गिद्ध को देखे जाने के बाद अगले दिन सुबह साढ़े पांच बजे उप वन संरक्षक अमितराज जाधव, लातूर के वन्यजीव पर्यवेक्षक धनंजय गुट्टे और डॉ. दत्ता अंबेकर की टीम उसे खोजने के लिए रवाना हुई।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि टीम ने गिद्ध को एक पेड़ पर बैठे देखा और उसके पैरों में लगे रंगीन छल्लों (बैंड) के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ट्रैकिंग से मिले आंकड़ों के अनुसार, गिद्ध ने इस साल 28 मई को अपनी यात्रा शुरू की थी और 20 नवंबर तक 10,767 किलोमीटर की दूरी तय कर ली थी। महाराष्ट्र में इसके उड़ान मार्ग में अकोट, मलकापुर, नासिक, ठाणे और पुणे शामिल थे।
इसके बाद यह दक्षिण की ओर कर्नाटक के विजयपुरा पहुंची और फिर वापस लौटते हुए लातूर आई। भारतीय गिद्ध को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की ‘रेड लिस्ट’ में अति संकटग्रस्त श्रेणी में रखा गया है। यह मृत पशुओं के शवों को खाकर और बीमारियों के प्रसार को रोककर पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भारत में इसकी आबादी में भारी गिरावट मुख्य रूप से डाइक्लोफेनाक नामक पशु चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाली सूजनरोधी दवा के कारण आई। इस दवा से उपचारित मवेशियों के शव खाने वाले गिद्धों की किडनी काम करना बंद कर देती है, जिससे उनकी मौत हो जाती है। वन्यजीव विशेषज्ञ इस गिद्ध को देखे जाने की घटना को गिद्धों के पुनर्वास कार्यक्रमों की सफलता का एक महत्वपूर्ण संकेत मान रहे हैं।
इससे पता चलता है कि कैद में पाले गए और जंगल में छोड़े गए गिद्ध स्वतंत्र रूप से जीवित रह सकते हैं और जंगली गिद्धों की आबादी के साथ घुल-मिल सकते हैं।
अन्य न्यूज़













