भारत में AI के लिए 90 फीसदी कंपनियां बढ़ा रहीं तकनीकी कार्यबल: Randstad रिपोर्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रैंडस्टैड की वैश्विक रिपोर्ट के अनुसार, 90 प्रतिशत भारतीय नियोक्ता कृत्रिम मेधा के जरिए अपनी सेवाओं का विस्तार करने और नए राजस्व स्रोत बनाने के लिए तकनीकी कर्मचारियों की संख्या बढ़ा रहे हैं। इस मामले में भारत वैश्विक स्तर पर अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि देश में एआई कौशल वाले डेवलपर को पारंपरिक डेवलपर से दोगुना वेतन मिल सकता है।

भारत में 90 प्रतिशत नियोक्ता कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिये सेवाओं का विस्तार करने और राजस्व के नए स्रोत तैयार करने के लिए अपनी प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कार्यबल क्षमता बढ़ा रहे हैं। रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। यह वैश्विक स्तर पर अमेरिका के बाद दूसरा सबसे अधिक अनुपात है।

प्रतिभा क्षेत्र की कंपनी रैंडस्टैड की वैश्विक रिपोर्ट, ‘बदलते दौर में प्रौद्योगिकी प्रतिभा: कृत्रिम मेधा के लिए तैयार कार्यबल का निर्माण’ के निष्कर्ष अगस्त, 2026 के पहले पखवाड़े में 11 बाजारों- ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इटली, जापान, नीदरलैंड, स्पेन, ब्रिटेन और अमेरिका में किए गए प्राथमिक शोध पर आधारित हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘भारत में 90 प्रतिशत नियोक्ता एआई के जरिये सेवाओं का विस्तार करने और राजस्व के नए स्रोत तैयार करने के लिए प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कर्मचारियों की संख्या बढ़ा रहे हैं। यह अनुपात अमेरिका (93 प्रतिशत) के बाद दूसरा सबसे अधिक और 86 प्रतिशत के वैश्विक औसत से ज्यादा है।’’ इस सर्वेक्षण में 1,100 साक्षात्कार शामिल थे।

प्रत्येक बाजार में 100 लोगों से बातचीत की गई। इनमें वरिष्ठ कारोबारी अधिकारी, एआई विशेषज्ञ, शुरुआती स्तर के प्रौद्योगिकी पेशेवर और कार्यबल की योजना तथा डिजिटल प्रतिभा रणनीति के लिए जिम्मेदार प्रौद्योगिकी क्षेत्र के निर्णयकर्ता शामिल थे। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 50 प्रतिशत नियोक्ताओं ने माना कि उन्हें बेहतर वेतन देने वाली प्रतिस्पर्धी कंपनियों के हाथों अक्सर शीर्ष प्रौद्योगिकी प्रतिभाओं को गंवाना पड़ता है।

वहीं, 53 प्रतिशत नियोक्ता प्रौद्योगिकी क्षेत्र में छंटनी के कारण नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को सफलतापूर्वक अपने यहां काम पर रख पाए हैं। हालांकि, 39 प्रतिशत ने कहा कि वेतन संबंधी अपेक्षाएं अब भी एक बाधा हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में एआई का कौशल रखने वाले डेवलपर को शुरुआती स्तर पर पारंपरिक डेवलपर की तुलना में दोगुने से अधिक वेतन मिल सकता है।

वहीं, वैश्विक स्तर पर यह बढ़त 79 प्रतिशत तक है। रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक नारायण अय्यर ने कहा, ‘‘कृत्रिम मेधा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रतिभाओं के परिदृश्य को बुनियादी रूप से बदल रही है। हमारे शोध से पता चलता है कि करीब 90 प्रतिशत कारोबारी प्रमुख एआई के अवसरों का लाभ उठाने के लिए अपनी प्रौद्योगिकी टीमों का विस्तार कर रहे हैं, जबकि उभरते कौशल की मांग लगातार उनकी उपलब्धता से अधिक बनी हुई है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़