CM Yogi Adityanath की मां सावित्री देवी के निधन पर Gorakhnath Temple में दी गई श्रद्धांजलि

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 91 वर्षीय माता सावित्री देवी के निधन के बाद गोरखपुर में शोक सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक आवास पर लंबे समय से बीमार रहने के बाद उनका देहांत हुआ। शनिवार को हरिद्वार में उनके अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है।

गोरखनाथ मंदिर से जुड़े लोगों और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सदस्यों ने शुक्रवार को एक शोक सभा आयोजित कर गोरक्षपीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी (91) का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं।

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस शोक सभा में मंदिर परिवार और शिक्षा परिषद के सदस्यों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखा। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सदस्य रामजनम सिंह ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर और शिक्षा परिषद द्वारा संचालित सभी संस्थान योगी आदित्यनाथ की माता के निधन से गहरे दुख में हैं। इस सभा में गोरखनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी योगी कमलनाथ, द्वारिका तिवारी, शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष राजेश मोहन सरकार, डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह, गोरख प्रताप सिंह, प्रमथनाथ मिश्र और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल भूपेंद्र गोयल मौजूद थे।

आदित्यनाथ शुक्रवार शाम अपनी माता को श्रद्धांजलि देने के लिए उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पहुंचे। शनिवार सुबह हरिद्वार में अंतिम संस्कार प्रक्रिया में आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़