KL Rahul ने न्यूजीलैंड में जड़ा 13वां Test शतक, सभी SENA देशों में सैकड़ा लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने

भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन अपना 13वां टेस्ट शतक जमाया। इसके साथ ही वह दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (सेना) चारों देशों में शतक ठोकने वाले भारत के पहले सलामी बल्लेबाज बन गए। वह सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के बाद यह मुकाम पाने वाले पांचवें भारतीय हैं।
भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां अपना 13वां टेस्ट शतक लगाकर सभी सेना (एसईएनए) देशों में सैकड़ा ठोकने की विशिष्ट उपलब्धि हासिल की। राहुल ने तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर एक रन लेकर यह उपलब्धि हासिल की। यह इस साल उनका दूसरा शतक है।
इससे पहले उन्होंने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक बनाया था। इससे राहुल ने सभी सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक बनाने की विशिष्ट उपलब्धि भी हासिल की। यह मुकाम हासिल करने वाले वह भारत के पहले सलामी बल्लेबाज भी हैं।
इस 34 वर्षीय बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपने पहले टेस्ट मैच में ही यह उपलब्धि हासिल की। यह सेना देशों में टेस्ट क्रिकेट में उनका कुल मिलाकर सातवां शतक था। वह मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बाद सभी सेना देशों में शतक बनाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
इन भारतीय बल्लेबाजों के अलावा श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा तथा पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर और यूनिस खान ने भी इन चारों देशों में शतक बनाए हैं।
अन्य न्यूज़













