2029 Lok Sabha Election जीतने को BJP 2028 के विधानसभा चुनावों में करेगी उल्टा खेला: Ajay Singh

कांग्रेस नेता अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी 2029 के आम चुनाव में फायदा पाने के लिए 2028 में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों में दखल नहीं देगी। उन्होंने 2023 के मध्यप्रदेश चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से 2028 के चुनाव मतपत्रों से कराने की मांग की।
देश भर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद और वोट चोरी के आरोपों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने दावा किया है कि अगला लोकसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2028 में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों में उल्टा खेला कर सकती है। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे सिंह ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार के दौरान आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार 2023 के विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के कारण सत्ता में आई थी। एसआईआर और वोट चोरी से जुड़े विवाद के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘मैं तो गारंटी के साथ कहता हूं कि भाजपा की सरकारें बनने एवं बनाने में एसआईआर और मशीनों (ईवीएम) का बहुत बड़ा योगदान है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे तो लगता है कि अगला लोकसभा चुनाव (2029) जीतने के लिए वे 2028 में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान... तीनों प्रांतों में उल्टा खेला कर देंगे।
फिर कहने को हो जाएगा कि देखो एसआईआर और मशीनों को लेकर विपक्ष के सारे आरोप निराधार हैं... और फिर लोकसभा चुनाव में वे खेला करके 400 पार कर जाएंगे। लोकतंत्र के लिए यह बहुत ही खतरनाक है।’’ उल्टा खेला के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मतलब साफ है कि 2028 में जिन प्रांतों में चुनाव होंगे वहां ज्यादा दखल नहीं दिया जाएगा ताकि कहने को हो जाए कि वोट चोरी जैसी कोई चीज नहीं है।’’ इस आरोप के आधार के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और अब इसमें कोई संदेह नहीं है कि भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए इस प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के नाम ‘‘सुविधानुसार’’ जोड़े और हटाए जा रहे हैं। सात बार के विधायक सिंह ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के सभी बड़े नेता मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर कथित धांधली का मुद्दा प्रमुखता से उठा रहे हैं लेकिन निर्वाचन आयोग चुप है।
निर्वाचन आयोग ने वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों को ‘‘निराधार और गैर-जिम्मेदाराना’’ बताते हुए खारिज किया है। वहीं, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के नेताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय में याचिकाएं दायर की हैं जिन पर सुनवाई जारी है। सिंह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सरकार बनाने से अधिक महत्वपूर्ण केंद्र की सत्ता में बने रहना है और इसके लिए वे कुछ भी कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘उनका मुख्य खेल लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने का रहेगा और इसके लिए वे साम, दाम, दंड, भेद सब कुछ करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि एसआईआर में धांधली और वोट चोरी के आरोपों से निर्वाचन आयोग की छवि लगातार खराब हो रही है तथा ऐसे में आयोग को अपनी छवि सुधारने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2028 के सभी विधानसभा चुनाव मतपत्रों से कराने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘इन चुनावों के परिणाम जो भी रहे, इससे एसआईआर और वोट चोरी संबंधी आरोपों से उसे (आयोग) मुक्ति मिल जाएगी और फिर वह फैसला ले कि 2029 के लोकसभा चुनाव कैसे कराने चाहिए।’’ अगला लोकसभा चुनाव मई-जून 2029 में होना है। उससे पहले नवंबर 2028 में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होंगे।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह के पुत्र एवं राजनीतिक उत्तराधिकारी अजय सिंह ने आरोप लगाया कि 2023 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भी वोट चोरी हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा पर्यटन मंत्री रह चुके अजय सिंह ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मीडिया, आम जनता, चुनाव विश्लेषक और राजनीतिक जानकार भी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जता रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता खुद भी अपनी पार्टी की सरकार बनने को लेकर आश्वस्त नहीं थे और ‘‘वे यहां तक कहते थे कि पता नहीं, पार्टी को 100 सीट भी मिलेंगी या नहीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन किस तरीके से वोट चोरी हुई कि उनकी सीट 160 के ऊपर चली गईं और हम 70 के नीचे सिमट गए।
यह मध्यप्रदेश की राजनीति का एक बहुत बड़ा रहस्य है।’’ यह पूछे जाने पर कि यदि वोट चोरी हुई थी तो वह चुरहट विधानसभा सीट से चुनाव कैसे जीत गए, सिंह ने कहा कि उन्हें 50,000 मतों के अंतर से जीत मिलनी चाहिए थी, लेकिन वह केवल 28,000 मतों से जीत सके। भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में 163 सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस को केवल 66 सीट मिली थीं। भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट जीती थी।
अन्य न्यूज़













