Lajpat Nagar की इमारत के बेसमेंट में वेल्डिंग के दौरान आग से युवक की मौत

Lajpat Nagar की इमारत के बेसमेंट में वेल्डिंग के दौरान आग से युवक की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर में एक चार मंजिला इमारत के भूमिगत तल में आग लगने से 26 वर्षीय कर्मचारी गौरव की जान चली गई, जबकि दूसरा कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस के अनुसार यह हादसा अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने के लिए की जा रही वेल्डिंग के दौरान हुआ। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ठेकेदार और मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने के लिए कथित तौर पर की जा रही वेल्डिंग के दौरान चार मंजिला इमारत के भूमिगत तल (बेसमेंट) में आग लगने से 26-वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजकर 17 मिनट पर हुई।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर इमारत में मौजूद लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। पुलिस ने बताया कि भूमिगत तल से संचालित कंपनी के कर्मचारी गौरव को निकाल कर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, प्रेम सिंह शर्मा आग में झुलस गया और उसे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक, चार मंजिला इमारत के भूमिगत तल में इमारत के मालिक द्वारा संचालित मीडिया हाउस है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर मालिक के रिश्तेदार और अन्य लोग रहते हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के समय भूमिगत तल में संभवत: अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने के सिलसिले में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था।

जांच के अनुसार, दो कर्मचारी वेल्डिंग का काम कर रहे थे और इमारत के दोनों कर्मचारी भी वहां मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने के लिए श्रमिक उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को भी पूछताछ और सत्यापन के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चला है।

अधिकारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इमारत के मालिक, ठेकेदार तथा संबंधित श्रमिकों की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, गौरव के पिता ने आरोप लगाया कि आग भड़कने के कारण उनका बेटा लगभग 40 से 45 मिनट तक भूमिगत तल में फंसा रहा और अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने में लगे कर्मचारी इमारत के अंदर के लोगों को सचेत किए बिना मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्वालियर से दिल्ली पहुंचे गौरव के पिता ने कहा कि उनका बेटा पिछले 10 महीनों से परिसर में काम कर रहा था और अपनी बहन के घर पर एक पारिवारिक समारोह में शिरकत करने के बाद एक दिन पहले ही राष्ट्रीय राजधानी लौटा था।

उन्होंने कहा, ‘‘वह मेरा बेटा था। हम यहां नहीं थे, बेटी के घर एक समारोह के लिए ग्वालियर गए थे। समारोह में भाग लेने के बाद, वह एक दिन पहले वापस आया।

वह पिछले 10 महीनों से एक कंपनी के लिए काम कर रहा था।’’ पिता ने कहा कि उन्हें बुधवार को एक फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनका बेटा दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसे गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां आया और सीधे अस्पताल गया। उसके दोस्त ने मुझे घटना के बारे में बताया और कहा, माफ कीजिएगा अंकल, वह अब (जिंदा) नहीं रहा।’’ भूमिगत तल में अग्नि सुरक्षा प्रणाली लगाने के दौरान आग लगने का आरोप लगाते हुए पिता ने सवाल उठाया कि इमारत की सुरक्षा में सुधार के लिए की गई कवायद उनके बेटे की मौत का कारण कैसे बन सकती है।

उनके मुताबिक, जब आग लगी तो गौरव भूमिगत तल के एक कमरे में बैठा था और आग फैलने से वह फंस गया। उन्होंने कहा कि वह (गौरव) उनके परिवार का इकलौता बेटा था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़