Delhi Metro: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के आह्वान से Rajiv Chowk सहित 12 स्टेशन बंद

Delhi Metro
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, मंडी हाउस और पटेल चौक समेत 12 प्रमुख स्टेशनों पर प्रवेश और निकास रोक दिया है। आम आदमी पार्टी और विभिन्न छात्र संगठनों ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बुलाया था। हालांकि डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि चार प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

आम आदमी पार्टी (आप) और कुछ छात्र संगठनों द्वारा विरोध-प्रदर्शन के आह्वान के बाद दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और जंतर-मंतर के नजदीक स्थित पटेल चौक सहित 12 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया। ये प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाताओं के बड़े पैमाने पर कथित रूप से नाम हटाए जाने को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, बाराखंभा, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नयी दिल्ली स्टेशनों पर प्रवेश व निकास अगले आदेश तक बंद रहेगा।

इसे भी पढ़ें: BJP से जुड़े कॉन्ट्रैक्टर Praveen Jain पर फायरिंग की साजिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार

हालांकि, डीएमआरसी ने बताया कि राजीव चौक, मंडी हाउस, नयी दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर इंटरचेंज (ट्रेन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़