11 साल की नाबालिग लड़की का किया क्रूरतापूर्ण बलात्कार, प्राइवेट पार्ट को पहुंचाया नुकसान, चार सर्जरी से होकर गुजरेगी पीड़िता

rape
Prabhasakshi

तमिलनाडु के द्रमुक सांसद ने मप्र की बलात्कार पीड़िता के परिवार की आर्थिक मदद की।लोकसभा में तमिलनाडु की धर्मपुरी सीट की नुमाइंदगी करने वाले सेंथिल कुमार पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं। वह संसद की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण की स्थायी समिति के सदस्य भी हैं।

इंदौर।तमिलनाडु के द्रमुक सांसद डॉ. डी एन वी सेंथिल कुमार एस. ने शुक्रवार को कहा कि कथित तौर पर क्रूरतापूर्ण बलात्कार की शिकार होने के बाद इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती 11 वर्षीय लड़की से मिलकर उन्होंने उसके परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की है। सेंथिल कुमार ने शुक्रवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि 11 वर्षीय लड़की के साथ बेरहमी से बलात्कार किया गया है और उसके जननांगों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया गया है। लोकसभा में तमिलनाडु की धर्मपुरी सीट की नुमाइंदगी करने वाले सेंथिल कुमार पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं।

इसे भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: आजम-शिवपाल पर टिकी रहेंगी सबकी नजरें

वह संसद की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण की स्थायी समिति के सदस्य भी हैं। उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया कि उन्हें बलात्कार की शिकार लड़की की स्थिति के बारे में सोशल मीडिया से पता चला था और मध्यप्रदेश पहुंचकर उसके परिवार की आर्थिक मदद के पीछे कोई राजनीतिक कारण नहीं है। सेंथिल कुमार ने कहा,‘‘मैं पीड़ित लड़की के गरीब परिवार का नैतिक समर्थन करने के लिए इंदौर आया।’’ पुलिस के मुताबिक लड़की के साथ खरगोन जिले में 11 मार्च को एक व्यक्ति ने बलात्कार किया था। महेश्वर थाने के प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि आरोपी को वारदात की तारीख को ही गिरफ्तार कर लिया गया था और अदालत में उसके खिलाफ भारतीय दंड विधान और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत आरोप-पत्र भी पेश किया जा चुका है।

इसे भी पढ़ें: तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाईकिल को मारी तेज टक्कर, तीन भाइयों की मौके पर मौत

तिवारी ने कहा,‘‘लड़की बचपन से एक बीमारी से जूझ रही है और इसके फिर उभरने के कारण उसे इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ थाना प्रभारी ने बताया कि खरगोन जिले के एक न्यायालय ने पीड़ित लड़की के परिवार को 25,000 रुपये की सहायता राशि दिये जाने का आदेश दिया है और बलात्कार की घटना के बाद खरगोन के जिला प्रशासन की ओर से इस परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद स्वीकृत की गई थी। इंदौर के निजी अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि नाबालिग लड़की की दो छोटी सर्जरी की जा चुकी है और उसका संक्रमण नियंत्रण में है। अधिकारी ने बताया कि लड़की की हालत में पूरी तरह सुधार के लिए आने वाले दिनों में उसकी चार सर्जरी और की जानी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़