Kuno National Park में बोत्सवाना की मादा चीता ने चार शावकों को दिया जन्म, संख्या 62 हुई

मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्षीय मादा चीता केओएमजी-3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे चीता परियोजना के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि देश में अब कुल चीतों की संख्या बढ़कर 62 पहुंच गई है। इनमें से 43 चीतों का जन्म भारत की धरती पर ही हुआ है।
मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता केओएमजी-3 ने शुक्रवार को चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने एक बयान में इसे चीता परियोजना के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि करार दिया और कहा कि इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 चीतों ने भारत में जन्म लिया है।
उन्होंने कहा, बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता केओएमजी 3 ने आज कूनो राष्ट्रीय उद्यान के जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष पूर्व शुरू हुआ चीता पुनर्वास कार्यक्रम एक उल्लेखनीय उदाहरण बना है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में वन्यजीव संरक्षण के संकल्प की बड़ी सफलता बताया और कहा मध्यप्रदेश के लिए यह विशेष गर्व का विषय है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए चीता परियोजना से जुड़े सभी वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों एवं वनकर्मियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने 17 सितंबर, 2022 को नामीबिया से लाए गए आठ जंगली चीतों को मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में विशेष बाड़ों में छोड़ा था। मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थित श्योपुर जिले के इस उद्यान का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसी साल 21 जून को दौरा किया था।
मुख्यमंत्री यादव भी यहां चीतों के साथ घड़ियालों को छोड़ने के लिए आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए थे, जिनसे जिले में पर्यटन विकास को गति मिली। अधिकारियों ने कहा कि जैव विविधता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण इस परियोजना को चार वर्ष से अधिक हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कूनो का जंगल चीतों के प्रजनन के लिए सकारात्मक रहा है।’’ उन्होंने कहा कि भारत से विलुप्त हुए चीतों की पुर्नबसाहट की इस सफल परियोजना से श्योपुर जिले को विश्व व्यापी पहचान मिली, जिसके अच्छे प्रभाव हमारे सामने आये है।
अधिकारियों ने कहा कि आज श्योपुर जिले को चीतों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जा रहा है और इससे क्षेत्र में न केवल पर्यटन गतिविधियों को मजबूती मिली है, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
अन्य न्यूज़













