वैशाली में PM Narendra Modi के कार्यक्रम के पोस्टर फाड़ने पर 4 लोग गिरफ्तार

बिहार के वैशाली जिले में नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाले बैनर फाड़े जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। राघोपुर बीडीओ की शिकायत पर रुस्तमपुर थाने में 11 नामजद और 100 से ज्यादा अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार के वैशाली जिले के दौरे से पहले ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन के लिए लगाए गए पोस्टर और बैनर कथित तौर पर फाड़ने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, राघोपुर प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की शिकायत के बाद रुस्तमपुर पुलिस थाने में 11 नामजद व्यक्तियों और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मोदी ने शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल का उद्घाटन किया। दौरे से पहले पुल के किनारे प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में कथित तौर पर स्थानीय लोगों के समूह, जिनमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झंडे लिए बच्चे भी शामिल थे, मोदी की तस्वीरों वाले पोस्टर फाड़ते हुए दिखाई दिए।
हाजीपुर एसडीओ विशाल कुमार ने कहा, “शनिवार शाम राघोपुर बीडीओ द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।” उन्होंने आगे बताया कि पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वीडियो फुटेज की जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़













