Himanta Biswa Sarma ने Asom Gana Parishad के 42वें स्थापना दिवस पर दी बधाई

असम के मुख्यमंत्री ने राजग की सहयोगी पार्टी को राज्य की विकास यात्रा में एक अहम साझेदार बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर संगठन के सभी सदस्यों और नेताओं के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) को उसके 42वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। असम गण परिषद का गठन 14 अक्टूबर 1985 को गोलाघाट में आयोजित सम्मेलन में हुआ था। इससे पहले ऐतिहासिक असम समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसके बाद राज्य में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ छह साल तक चला आंदोलन समाप्त हुआ था।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारे महत्वपूर्ण सहयोगी असम गण परिषद के सभी सदस्यों और नेतृत्व को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा, “असम के हितों से जुड़ी और राज्य के लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध असम गण परिषद राज्य के विकास की यात्रा में हमारी करीबी सहयोगी रही है।” एजीपी के अध्यक्ष अतुल बोरा ने कहा कि बलिदान के इतिहास, क्षेत्रवाद के आदर्शों और प्रगतिशील राष्ट्रवाद की विचारधारा से प्रेरित क्षेत्रीय पार्टी असम के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। बोरा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “एकता, सद्भाव और विकास के संकल्प के साथ हम एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर असम के निर्माण की निरंतर यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री बोरा ने कहा, “42वें स्थापना दिवस के अवसर पर मैं सभी कार्यकर्ताओं और सम्मानित नेताओं को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”
अन्य न्यूज़














