आज पैतृक गांव में होगा कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार, आखिरी दर्शन के लिए उमड़े लोग

Kalyan Singh
अंकित सिंह । Aug 23 2021 12:57PM

आज राजकीय सम्मान के साथ नरोरा में गंगा तट पर कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। रविवार को उनका पार्थिव शरीर विधानमंडल और भाजपा कार्यालय में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

भाजपा के दिग्गज नेता, राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा, उत्तर प्रदेश के 2 बार के मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश तथा राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का आज उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार से पहले के आखिरी दर्शन के लिए हजारों लोग उमड़े। गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई दिग्गज नेता कल्याण सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आपको बता दें कि भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे कल्याण सिंह का निधन शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में हो गया था। उनका पार्थिव देह रविवार को अलीगढ़ के अहिल्याबाई होलकर स्टेडियम में लाया गया था। इस दौरान पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा था। नारे लगा रहे थे- जब तक सूरज चांद रहेगा बाबू जी का नाम रहेगा।

आज राजकीय सम्मान के साथ नरोरा में गंगा तट पर कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। रविवार को उनका पार्थिव शरीर विधानमंडल और भाजपा कार्यालय में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने रविवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विधान भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा गया था। कल्‍याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार की शाम अलीगढ़ के धनीपुर हवाई पट्टी पर एयर एंबुलेंस से पहुंचा और उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा एटा से भाजपा सांसद और कल्‍याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह दूसरे विमान से पहुंचे। 

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर निर्माण के लिए कल्याण सिंह ने छोड़ दी थी कुर्सी, शिलान्यास के दिन हुई थी बात: अमित शाह

अलीगढ़ में रविवार की रात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें भारत माता का सच्चा सपूत बताया। उन्होंने कहा कि कल्‍याण सिंह ने उनके दौर की भारतीय राजनीति को गहराई से प्रभावित किया। यहां अहिल्‍याबाई होल्‍कर स्टेडियम में दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के प्रति कल्‍याण सिंह में ऐसा प्रेम था कि उन्‍होंने सत्ता की परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि राम और सत्ता में एक को चुनना पड़ा तो उन्होंने राम के लिए सत्‍ता को त्याग दिया। योगी ने कहा कि हजारों लोग अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने उमड़ रहे हैं वह एक सच्चे राष्ट्रभक्त और अपनी धरती के बेटे के प्रति उनके प्यार का सबूत है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़