कर्नाटक में सूखे से निपटने को G Parameshwara ने केंद्र से मांगी 22,400 करोड़ की मदद

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने 226 तालुकों में सूखे के संकट को देखते हुए केंद्र सरकार से 22,400.58 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर हालात की जानकारी देने के लिए मिलने का समय मांगा है। राज्य में सूखे की वजह से 62,481 करोड़ रुपये से अधिक के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने राज्य के 226 तालुकों में गंभीर सूखे से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान से सोमवार को एक बार फिर तत्काल 22,400.58 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता देने की अपील की। सूखे के कारण राज्य को 62,481 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। राजस्व विभाग का भी जिम्मा संभाल रहे परमेश्वर ने तीनों नेताओं को अलग-अलग पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा, ताकि वह उन्हें राज्य में सूखे की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दे सकें।
उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (एनडीआरएफ) के तहत मांगी गई वित्तीय सहायता को जल्द मंजूरी देने और जारी करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘‘प्राकृतिक आपदाएं न तो राजनीतिक सीमाओं को पहचानती हैं और न ही वैचारिक मतभेदों को। उनसे निपटने के लिए हमारी प्रतिक्रिया में भी यही समझ दिखाई देनी चाहिए।’’ उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से दिखाई जा रही कथित सुस्ती पर चिंता और निराशा जताई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कई बार अपनी मांग रख चुकी है, लेकिन केंद्र ने अब तक इस पर तत्काल कार्रवाई नहीं की है। कर्नाटक में 57.93 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा है और 226 तालुक सूखे से प्रभावित हैं। इससे 62,481.88 करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान है।
राज्य सरकार ने एनडीआरएफ के तहत केंद्र से 22,400.58 करोड़ रुपये की सहायता मांगते हुए संशोधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। परमेश्वर ने राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने अपने संसाधनों से सूखा राहत की पहली किस्त जारी कर दी है और हर पात्र किसान को कम से कम 5,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने किसानों को केंद्र सरकार से सहायता मिलने के इंतजार में नहीं रखने का फैसला किया है।
हालांकि, हमारी पूरी कोशिशों के बावजूद नुकसान इतना अधिक है कि राज्य अपने संसाधनों से इससे निपटने में सक्षम नहीं है।’’
अन्य न्यूज़














