केरलम में Endosulfan पीड़ितों की मासिक सहायता 1,700 से बढ़कर हुई 2,200 रुपये

केरलम में Endosulfan पीड़ितों की मासिक सहायता 1,700 से बढ़कर हुई 2,200 रुपये
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कासरगोड के एंडोसल्फान पीड़ितों के लिए मासिक वित्तीय मदद बहाल करने की घोषणा की है। सरकार जल्द ही इसके लिए औपचारिक आदेश जारी करेगी, जिससे अगले महीने से लाभार्थियों को बढ़ी हुई राशि मिलने लगेगी।

केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य के कासरगोड जिले में एंडोसल्फान पीड़ितों को दी जाने वाली मासिक आर्थिक सहायता 1,700 रुपये से बढ़ाकर 2,200 रुपये की जाएगी। इसके साथ ही सहायता राशि घटाने का पिछली सरकार को फैसला पलट जाएगा। सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सहायता राशि बहाल करने के लिए सरकार आदेश जारी करेगी, इससे लाभार्थियों को अगले महीने से 2,200 रुपये मिलने लगेंगे।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कासरगोड दौरे के दौरान जब उन्होंने एंडोसल्फान पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं, तो उन्हें इस मुद्दे से गहरा दुख हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों का पूरा जीवन संघर्ष में बीत रहा है, उनके लिए सरकार की ओर से दी जाने वाली यह राशि केवल पेंशन नहीं, बल्कि थोड़ी राहत और सहानुभूति का सहारा है।’’ सतीशन ने माना कि केवल इस राशि से पीड़ितों की तकलीफें दूर नहीं हो सकतीं, लेकिन उन्हें मिलने वाली इस छोटी-सी राहत से भी वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “हम उनके आंसुओं और दर्द को देखकर चुप नहीं रह सकते।

हमारी सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी और उन्हें सहानुभूति, भरोसा और वह देखभाल प्रदान करेगी, जिसके वे हकदार हैं।’’ कई दशक पहले कासरगोड जिले में काजू के बागानों पर जहरीले कीटनाशक एंडोसल्फान का कई वर्षों तक बार-बार हवाई छिड़काव किया गया था। इसके कारण जिले के हजारों लोगों को गंभीर तंत्रिका संबंधी, शारीरिक और विकास से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हुईं। इस छिड़काव से पर्यावरण को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा।

कई पीड़ित गंभीर दिव्यांगता के साथ जीवन बिता रहे हैं। ये पीड़ित और उनके परिवार लंबे समय से न्याय और मुआवजे के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़