KSU प्रमुख Aloysius Xavier ने चेताया: BJP छोड़ Congress में लौटने वालों को न मिले विशेष तरजीह

केरल छात्र संघ के अध्यक्ष अलोशियस जेवियर ने पार्टी नेतृत्व को सलाह दी है कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापसी करने वाले नेताओं को पहले बूथ स्तर पर काम कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से संघर्ष कर रहे आम कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर लौटने वालों के लिए रेड कार्पेट बिछाने की परंपरा नहीं शुरू होनी चाहिए।
पद्मजा वेणुगोपाल और पद्मिनी थॉमस के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटने के बीच केरल छात्र संघ (केएसयू) के अध्यक्ष अलोशियस जेवियर ने शुक्रवार को पार्टी नेतृत्व को आगाह किया कि इन दोनों नेताओं से जमीनी स्तर पर काम कराए बिना उन्हें कोई बड़ा पद या विशेष तरजीह न दी जाए। केरल छात्र संघ कांग्रेस का छात्र संगठन है। जेवियर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस में लौटने वालों को बूथ स्तर से काम करने के अवसर दिए जाने चाहिए।
वहीं, वर्षों से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे आम कार्यकर्ताओं को संगठन के विभिन्न स्तरों पर पद और जिम्मेदारियां देने के लिए प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय घर वापसी के दौर से गुजर रही है और समाज के सभी वर्गों के लोगों का पार्टी में स्वागत है। हालांकि, चिंता इस बात को लेकर है कि कहीं पार्टी में लौटने वालों को रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करने और विशेष तरजीह देने की परंपरा न शुरू हो जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा का विशेष रूप से जिक्र करते हुए जेवियर ने कहा कि उन्होंने ऐसे समय में कांग्रेस छोड़ी थी, जब पार्टी अपने सबसे बुरे दौर में से एक से गुजर रही थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होकर पार्टी की धर्मनिरपेक्ष छवि को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि अगर पद्मजा कांग्रेस की प्राथमिक सदस्य के रूप में पार्टी में लौटना चाहती हैं, तो उन्हें पार्टी छोड़ते समय दिए गए अपने दो बयानों को सुधारना चाहिए और कांग्रेस तथा उसके कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी चाहिए।
जेवियर के मुताबिक, पद्मजा के वे दो बयान थे कि अगर उनके पिता के. करुणाकरण जीवित होते तो वह भी भाजपा में शामिल हो जाते और कांग्रेस में रहते हुए वह अपने माथे पर चंदन का तिलक तक स्वतंत्र रूप से नहीं लगा पाती थीं, जबकि भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें इस तरह का कोई डर नहीं था। जेवियर ने कहा, ‘‘कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर नारे लगाए हैं, वैचारिक लड़ाइयां लड़ी हैं और पार्टी के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने यह सब उन पद्मजाओं के लिए नहीं किया, जो अवसरवाद या सत्ता की लालसा में राजनीतिक दल बदलती रहती हैं।’’ उन्होंने पूर्व भारतीय एथलीट पद्मिनी थॉमस के कांग्रेस में लौटने के फैसले का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं को बूथ स्तर पर काम करना चाहिए, जबकि वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे आम पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न क्षेत्रों में अवसर देने के लिए प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इस बीच, केरल प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जिंटो जॉन ने भी बृहस्पतिवार को पद्मजा की पार्टी में वापसी का कड़ा विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में उन लोगों के लिए जगह नहीं है, जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो जाते हैं और बाद में वापस लौटना चाहते हैं।
पद्मजा ने बृहस्पतिवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटने के अपने फैसले की घोषणा की थी। वहीं, पद्मिनी थॉमस ने शुक्रवार को भाजपा छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उनसे किए गए वादे पूरे नहीं किए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस में लौटेंगी।
अन्य न्यूज़













