नागपुर में सड़क पर मामूली विवाद के चलते शख्स की हत्या, तीन आरोपी पकड़े गए

Man murdered due to minor dispute on road in Nagpur, three accused arrested

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक शख्स का स्कूटर एक बाइक से टकरा जाने के बाद हुए विवाद के चलते बाइक सवार तीन लोगों ने उसकी कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि वारदात शुक्रवार को हुडकेश्वर इलाके में हुई।

नागपुर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक शख्स का स्कूटर एक बाइक से टकरा जाने के बाद हुए विवाद के चलते बाइक सवार तीन लोगों ने उसकी कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि वारदात शुक्रवार को हुडकेश्वर इलाके में हुई। उसने बताया कि जितेंद्र विकास चोपड़े (25) सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय से रात्रि भोज करके अपने एक दोस्त के साथ स्कूटर पर जा रहा था। हुडकेश्वर थाने के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि चंद्रकिरण नगर में उसका स्कूटर आरोपियों की बाइक से टकरा गया।

इसे भी पढ़ें: देश में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की आज शाम समीक्षा करेंगे प्रधानमंत्री

चोपड़े ने एक आरोपी से कथित रूप से अपशब्द कहे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि तीन लोगों ने चोपड़े पर धारदार हथिहार से हमला किया और उसके दोस्त को भी जख्मी कर दिया। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चोपड़े की मौत हो गई और उसके दोस्त का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों में से दो वयस्क भाई हैं जबकि एक किशोर है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया और किशोर को हिरासत में ले लिया।

इसे भी पढ़ें: राज्य चुनाव: भाजपा के लिए बड़ा दांव, कांग्रेस के लिये भी विपक्ष के नेतृत्वकर्ता के तौर पर अहम

उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ हत्या और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि चोपड़े के परिवार के सदस्यों ने शनिवार को शव को हुडकेश्वर थाने के बाहर रखकर, घटना में कथित रूप से शामिल दो और लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़