Kakching में हथियार और गोला-बारूद जब्त, Manipur सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई

मणिपुर के काकचिंग शहर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा कांगपोकपी जिले में चलाए गए एक अन्य अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया।
इंफाल, चार अगस्त सुरक्षा बलों ने मणिपुर के काकचिंग शहर में एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े 42 वर्षीय उग्रवादी को गिरफ्तार किया जबकि कांगपोकपी जिले में एक अलग अभियान में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) के स्वयंभू ‘मेजर’ को सोमवार को वांगू मामेइचिंग इलाके में उसके घर से पकड़ा गया।
इसमें कहा गया है कि उसी दिन एक अलग अभियान में, सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी के सैकुल पुलिस थाना क्षेत्र में मकोकचिंग जंगल की पहाड़ी श्रृंखला में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने बताया, ‘‘बरामद हथियारों में एक एम16 राइफल, सात पिस्तौल, एक मार्क-3 राइफल, एक स्नाइपर राइफल, एक .22 बोल्ट-एक्शन गन, 25 सिंगल-बैरल बंदूकें, अलग-अलग कैलिबर के 76 कारतूस, चार पंपी, तीन हथगोले और बीस डेटोनेटर शामिल हैं।’’ अभियान के दौरान चार रेडियो सेट भी बरामद किए गए।
अन्य न्यूज़













