बग्गा के समर्थन में उतरे नवजोत सिंह सिद्धू, बोले- वैचारिक मतभेद हो सकता है मगर केजरीवाल और मान कर रहे हैं पाप

Navjot Singh Sidhu
प्रतिरूप फोटो
ANI Image

भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा के समर्थन में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि तेजिंदर बग्गा अलग पार्टी से हो सकते हैं और वैचारिक मतभेद हो सकता है। लेकिन पंजाब पुलिस के माध्यम से व्यक्तिगत हिसाब चुकता करने के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का राजनीतिक प्रतिशोध एक बड़ा पाप है...

चंडीगढ़। भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा के समर्थन में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू उतर आए हैं और उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजिंदर बग्गा अलग पार्टी से हो सकते हैं, और वैचारिक मतभेद भी हो सकता है लेकिन अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान राजनीतिक प्रतिशोध के चलते बड़ा पाप कर रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: AAP का दावा, बग्गा को पंजाब में सांप्रदायिक तनाव और हिंसा भड़काने के आरोप में किया गया गिरफ्तार 

पुलिस की छवि न करें खराब

नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया कि तेजिंदर बग्गा अलग पार्टी से हो सकते हैं और वैचारिक मतभेद हो सकता है। लेकिन पंजाब पुलिस के माध्यम से व्यक्तिगत हिसाब चुकता करने के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का राजनीतिक प्रतिशोध एक बड़ा पाप है...पंजाब पुलिस का राजनीतिकरण कर उसकी छवि खराब करना बंद करें।

भाजपा ने भी साझा निशाना

भाजपा ने पंजाब पुलिस पर अपने नेता तेजिंदर पाल बग्गा को अगवा करने का आरोप लगाया और कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल राज्य की पुलिस के जरिए बदले की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद एक सिख हैं, लेकिन इसके बावजूद पंजाब में एक सिख का अपमान किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तेजिंदर पाल बग्गा ने अरविंद केजरीवाल के झूठ को बेनकाब किया है, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। 

इसे भी पढ़ें: बग्गा की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया 

नाटकीय रहा पूरा घटनाक्रम

इससे पहले पंजाब पुलिस ने तेजिंदर पाल बग्गा को गिरफ्तार किया और उन्हें पंजाब लेकर जा रही थी लेकिन रास्ते में हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस को रोक दिया और इसके बाद हरियाणा पुलिस ने तेजिंदर पाल बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया, जहां से उनकी दिल्ली वापसी हो रही है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस का कहना है कि पंजाब पुलिस ने बिना जानकारी दिए हुए यह कार्रवाई की है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़