Odisha: पूर्व सीएम Naveen Patnaik और वीके पांडियन के विदेश दौरों की होगी जांच

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और पूर्व आईएएस अधिकारी वी के पांडियन की वर्ष 2022 से 2024 के बीच हुई विदेश यात्राओं की जांच कराने के आदेश दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव जापान और इटली के दौरों के खर्च से जुड़े ब्योरे की पड़ताल करेंगे। विपक्षी दल बीजद ने इस जांच का स्वागत करते हुए मौजूदा मुख्यमंत्री के दौरों में भी पारदर्शिता बरतने की मांग की है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वी के पांडियन की 2022 एवं 2024 के बीच की गई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिये। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव इस मामले की जांच करेंगे। विज्ञप्ति में जापान और इटली की यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा गया, ‘‘विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, यह बात सामने आई है कि पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत ने 2022-23 और 2023-24 के दौरान कई बार विदेश यात्राएं कीं।’’ इसमें कहा गया है कि यह जांच जापान और इटली की यात्राओं पर हुए खर्च के उन ब्योरे के आधार पर शुरू करने का आदेश दिया गया है, जिन्हें सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत दाखिल विभिन्न आवेदनों के जरिए प्राप्त किया गया था और जिन्हें ‘संदेहास्पद, अपारदर्शी और अधूरा’ बताया गया है।
इसमें आरोप लगाया गया कि इन यात्राओं से जुड़ी जानकारी जानबूझकर गोपनीय रखी गई, जिसके कारण आंकड़ों में विसंगतियां सामने आईं। सीएमओ ने कहा, ‘‘इन आरोपों के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सच्चाई सामने लाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।’’ इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए, विपक्षी दल बीजद ने कहा कि वह पटनायक की विदेश यात्राओं की जांच का स्वागत करता है। उसने यह मांग भी की कि माझी की ऐसी यात्राओं में भी पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए।
पटनायक बीजद के अध्यक्ष हैं और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं।
अन्य न्यूज़













